राहुल-तेजस्वी एक साथ भरेंगे हुंकार, महागठबंधन का घोषणा पत्र कल; प्रियंका गांधी की मौजूदगी टली

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच महागठबंधन 29 अक्टूबर से अपने प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करने जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसी दिन बिहार के दो इलाकों यानी मुजफ्फरपुर के सकरा और दरभंगा ग्रामीण में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव मंच साझा करेंगे। दोनों अपनी मौजूदगी के साथ सियासी माहौल को अपने खेमे में करने की पूरी कोशिश करने वाले हैं।
हालांकि, इन सभाओं में प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी टल गई है। मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि राहुल गांधी की दोनों सभाएं महागठबंधन के लिए खास अहमियत रखती हैं, क्योंकि यह राहुल और तेजस्वी की पहली साझा रैली होगी, जब से तेजस्वी को गठबंधन का चेहरा घोषित किया गया है।

एक दिन पहले आएगा साझा घोषणापत्र
महागठबंधन की ओर से 28 अक्टूबर, यानी रैली से ठीक एक दिन पहले साझा घोषणापत्र जारी किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस की ओर से पार्टी महासचिव अविनाश पांडे मौजूद रहेंगे।
प्रियंका गांधी की मौजूदगी टली
पहले यह तय था कि साझा घोषणापत्र जारी होने के समय प्रियंका गांधी भी बिहार में रहेंगी, लेकिन उनका दौरा अब आगे की किसी तारीख के लिए टाल दिया गया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका जल्द ही बिहार में चुनावी रैलियों के कार्यक्रम के साथ लौटेंगी।
सियासी गर्मी बढ़ाने की तैयारी
महागठबंधन की यह साझा रैली बिहार की सियासत में नया मोड़ लाने की कोशिश होगी। राहुल और तेजस्वी की जोड़ी एक बार फिर मैदान में उतरने जा रही है, वहीं एनडीए खेमे में भी इसका तोड़ निकालने चर्चा तेज हो गई होगी।






