नीतीश मुख्यमंत्री नहीं बने तो विधायकी छोड़कर घर बैठ जाऊंगा; अनंत सिंह का बड़ा ऐलान

बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में मोकामा एक बार फिर सुर्खियों में है। जेडीयू के चर्चित बाहुबली नेता और उम्मीदवार अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर इस बार नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनते, तो वे भी राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “वही (नीतीश कुमार) हमें राजनीति में लाए, अगर वे नहीं रहेंगे तो मैं भी नहीं रहूंगा इस लाइन में।”
अनंत सिंह ने न्यूज पिंच को दिए इंटरव्यू में कहा कि नीतीश कुमार ही उनकी राजनीतिक पहचान के असली सूत्रधार हैं। उन्होंने कहा, “नीतीश बाबू ने ही हमें मौका दिया, उन पर भरोसा जताया। अगर वे मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे, तो विधायक बनकर भी मैं कुर्सी पर नहीं बैठूंगा।” उनका कहना था कि बिहार में विकास और स्थिरता का पर्याय सिर्फ नीतीश कुमार ही हैं।

दूसरा नीतीश कुमार पैदा नहीं लेगा: अनंत सिंह
प्रशांत किशोर की उस भविष्यवाणी पर भी अनंत सिंह ने करारा जवाब दिया, जिसमें कहा गया था कि 14 नवंबर के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। इस पर अनंत ने चुटकी ली, “वो मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो क्या प्रशांत किशोरी सीएम बनेंगे? बिहार में नीतीश जैसा दूसरा कोई नहीं। भूतो ना भविष्यति, बिहार में नीतीश कुमार दोबारा पैदा नहीं होगा।”






