तेजस्वी यादव के खिलाफ दर्ज हुई FIR, महिला ने 200 रुपये ठगने का लगाया आरोप, जानिए पूरा मामला

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली गुड़िया देवी ने प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व विधायक और राजद नेता ऋषि मिश्रा और कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मस्कुर अहमद उस्मानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.
गुड़िया देवी ने आरोप लगाया है कि उनसे माई बहन योजना का फॉर्म भरने के नाम पर 200 रुपये लिए गए. इस योजना में 2500 रुपये का लाभ देने की बात कही गई थी. महिला का कहना है कि फॉर्म भरने के दौरान उनसे आधार कार्ड नंबर, बैंक खाता संख्या और मोबाइल नंबर भी लिए गए.

फॉर्म भरने के नाम पर 200 रुपये लिए गए
गुड़िया देवी का आरोप है कि यह योजना नेताओं के नाम पर चलाई जा रही थी और भोली-भाली महिलाओं को गुमराह कर उनसे पैसे लिए जा रहे हैं. महिला ने इस मामले में सिंहवाड़ा थाना में लिखित शिकायत दी थी.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने तेजस्वी यादव, संजय यादव, ऋषि मिश्रा और मस्कुर अहमद उस्मानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी (SHO) ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है.

क्या है माई बहिन मान योजना?
बता दें कि माई बहिन मान योजना बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक सहायता के लिए एक प्रस्तावित कल्याणकारी योजना है. यह योजना मुख्य रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले घोषित की गई है. इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और सामाजिक भागीदारी बढ़ाना है.




