बिहारी छात्रा के साथ पाकिस्तानी लड़के का हनी ट्रैप, शादी के लिए मुल्क बुलाया; पुलिस ने यूं बचाया

बिहार के नवादा जिले की एक छात्रा पाकिस्तानी युवक के जाल में फंसने से बाल-बाल बच गई। नवादा पुलिस की सक्रियता से उसे बचा लिया गया। पकड़ीबरांवा पुलिस छात्रा को लाने के लिए प्रयागराज रवाना हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक छात्रा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी। इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिये छात्रा पाकिस्तान के एक युवक के संपर्क में आयी। युवक ने उसे अपने हनी ट्रैप में फंसाया और उसे विश्वास दिलाया कि वह उसे पाकिस्तान बुलायेगा और वहीं उसके साथ शादी रचायेगा।
पाकिस्तान बुलाने की साजिश के तहत युवक को पंजाब की लड़की ने उसके यूपीआई अकाउंट में पैसे भेजे और उसका ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक कराया। उसे गया के रास्ते महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली बुलाया गया। जहां से उसे पंजाब जाना था। साजिश के मुताबिक बॉर्डर पार कर छात्रा को पाकिस्तान में दाखिल कराना था।

बुर्का पहनकर निकली थी घर से
छात्रा पहले तीन सितम्बर को घर से निकली। परंतु उसी दिन रात में घर वापस लौट आयी। उसका मोबाइल उस दिन घर पर ही रह गया था। घर से नहीं भागने का विश्वास दिलाकर उसने परिजनों से मोबाइल ले लिया। इसके बाद पुन: वह पांच सितम्बर की सुबह-सुबह घर से बुर्का पहन कर भाग निकली और गया जाकर महाबोधि से दिल्ली के लिए निकल गयी।
इसके बाद छात्रा के पिता पुन: थाने पहुंचे और उसके भागने की शिकायत दर्ज करायी। प्राथमिकी दर्ज कर पकरीबरावां पुलिस ने मोबाइल लोकेशन निकाला और आरपीएफ से मदद मांगी। आरपीएफ ने महिला पुलिस की मदद से बुर्का पहनी छात्रा को ढूंढ़ लिया। उस वक्त वह पाकिस्तानी युवक से फोन से बात कर रही थी। पुलिस का नाम आते ही दूसरी ओर से युवक ने फोन काट दिया और इंस्टाग्राम अकाउंट पर छात्रा का ब्लॉक कर दिया। आरपीएफ ने छात्रा को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया।






