गाड़ी से हटा राजद का झंडा, नए अंदाज में महुआ पहुंचे तेजप्रताप, बोले- जनता जहां से कहेगी, वहीं से लड़ूंगा चुनाव

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) से निष्कासित पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। तेज प्रताप गुरुवार को वैशाली जिले के महुआ पहुंचे। इस दौरान उनकी गाड़ी पर लगा झंडा भी काफी चर्चा का विषय रहा। तेज प्रताप ने अपनी गाड़ी से आरजेडी का झंडा उतार दिया और कोई दूसरा झंडा लगाया है। उसमें लालू यादव और राजद के चुनाव चिह्न लालटेन की तस्वीर नहीं है। उन्होंने महुआ से आगामी चुनाव लड़ने का संकेत भी दिया, जबकि वह अभी समस्तीपुर जिले के हसनपुर से विधायक हैं।
जानकारी के अनुसार तेज प्रताप यादव गुरुवार को पटना स्थित अपने सरकारी आवास से वैशाली जिले के महुआ के लिए रवाना हुए। महुआ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “यहां मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने आए हैं। हमने चुनाव के दौरान महुआ को मेडिकल कॉलेज देने का वादा किया था। मैनिफेस्टो में भी यह बात थी। हमने बहुत बड़ा मेडिकल कॉलेज दिया भी। मैं जो वादा करता हूं उसे पूरी तरह से निभाता हूं।”

महुआ से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता मांग करेगी तो लड़ना पड़ेगा। बता दें कि तेज प्रताप पूर्व में महुआ से राजद के विधायक रह चुके हैं। 2015 में उन्होंने यहां से चुनाव जीता था और महागठबंधन सरकार में मंत्री भी बने थे। इसके बाद 2020 के विधानसभा चुनाव में उनकी सीट बदल दी गई। उन्हें महुआ की जगह हसनपुर से उतारा गया।

पिछले साल दिसंबर महीने में तेज प्रताप ने दोबारा महुआ सीट पर दावा ठोका था। इसके बाद इस सीट से राजद के मौजूदा विधायक मुकेश रौशन रो पड़े थे। दोनों के बीच जुबानी जंग भी हुई। हालाकि, मई 2025 में अनुष्का यादव से कथित रिलेशनशिप की बात सार्वजनिक होने के बाद लालू ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया था। इसके बाद वे अलग-थलग पड़ गए।

ना-ना करते महुआ पहुंच गए तेज प्रताप
पिछले महीने एक इंटरव्यू के दौरान तेज प्रताप ने कहा था कि उनका फोकस अभी हसनपुर सीट पर ही है। वह आगामी दिनों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र में अपने दौरे शुरू करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि महुआ से चुनाव लड़ने का उनका फिलहाल कोई प्लान नहीं है। इसके बाद माना जा रहा था कि तेज प्रताप ने महुआ सीट का मोह त्याग दिया है और हसनपुर से ही आगामी चुनाव में उतरने का मन बना लिया है। मगर, उनके हालिया कदम से एक बार फिर उनके महुआ से लड़ने की चर्चा शुरू हो गई है।



