अगले माह बजेगा छात्र संघ चुनाव का बिगुल, मिथिला विश्वविद्यालय में पांच वर्ष बाद होने वाले चुनाव को लेकर बढ़ी छात्र संगठनों की सक्रियता

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा में छात्र संघ चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। अगले माह विधिवत शुरू से चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। विश्वविद्यालय मुख्यालय से लेकर कालेजों तक छात्र संगठनों की सक्रियता बढ़ गई है। पांच वर्ष बाद होने वाले चुनाव को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर विभागों समेत कालेजों में सदस्यता अभियान चलाया शुरू कर दिया है। कालेजों से लेकर विश्वविद्यालय मुख्यालय तक धरना- प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है।
छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, मिथिला स्टूडेंट यूनियन, आइसा, एनएसयूआई, एआईएसएप, एसएफआई, छात्र राजद, छात्र जदयू, छात्र युवा शक्ति की ओर से सदस्यता अभियान चलाकर छात्र-नौजवानों को जोड़ा जा रहा है। संगठनों के विचारधाराओं से छात्रों को अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही छात्र-छत्राएं भी अपने प्रतिनिधियों को चुनने को लेकर काफी उत्साहित हैं। पिछले पांच वर्षों से चुनाव नहीं होने से छात्र प्रतिनिधियों की सक्रियता काफी कम हो गई थी। कालेजों से लेकर विश्वविद्यालय तक समस्याओं का अंबार लगा है। अब इसे उठाने वाले छात्र प्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ने लगी है। छात्र संगठनों की ओर से मोबाइल और वाट्सएप नंबर जारी कर समस्याओं के निदान की गारंटी दी जा रही है।

वर्ष 2019 में हुआ था अंतिम चुनाव
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में वर्ष 2019 के दिसंबर माह में छात्र संघ के प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ था। इसमें चार जिला के कुल 38 अंगीभूत कालेजों व विश्वविद्यालय के चार संकायों में छात्र-छात्राओं ने अपने प्रतिनिधियों को के लिए वोट डाले थे। दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर व बेगूसराय को मिलाकर कुल 13.29 प्रतिशत मतदान हुए थे। प्रथम चरण में आफिस बियरर व काउंसिल मेंबर के 414 पदों के लिए करीब 1074 प्रत्याशी मैदान में थे।

अभाविप समर्थित उम्मीदवारों ने सभी सीटों दर्ज की थी जीत
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में वर्ष 2019 में लगातार तीसरी बार छात्र संघ चुनाव में अभाविप समर्थित उम्मीदवारों ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। अध्यक्ष पद पर एपीएसएम कालेज, बरौनी के आलोक कुमार, उपाध्यक्ष पद पर वीएसजे कालेज, राजनगर के ध्रुव कुमार, महासचिव पद पर एमआरएम कालेज, दरभंगा की प्रीति कुमारी, संयुक्त सचिव पद पर आरबी कालेज, दलसिंहसराय के अमर्त्य कुमार व कोषाध्यक्ष पद पर बीआरबी कालेज, समस्तीपुर के नीतीश कुमार सिंह ने जीत हासिल की थी।





