बिहार: सीमेंट लदा ट्रक पुलिस की कार पर पलटा, महिला दारोगा व ड्राइवर की मौ’त
बिहार में गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के फुटानीगंज के पास एनएच-27 पर भीषण सड़क हादसे में महिला दरोगा की मौत हो गई। वह अपने कार से केस की गवाही देने जा रही थीं, एनएच 27 पर सीमेंट लदा ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी पर ही पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला दारोगा और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक दरोगा की पहचान सतीभा कुमारी के रूप में की गई है, जो सिधवलिया थाने में तैनात थीं और बेगूसराय जिला की रहने वाली थीं। वहीं, ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात, एसडीपीओ अभय रंजन, एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई है।

एक केस की गवाही देने के लिए निकली थीं
बताया जाता है कि महिला सब इंस्पेक्टर सतीभा कुमारी सिविल कोर्ट में एक केस की गवाही देने के लिए निकली थीं। रास्ते में सीमेंट से लदा ट्रक उनकी कार पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक ड्राइवर को हादसे के दौरान पता नहीं चल सका कि सीमेंट की बोरियों से एक कार दबी हुई है। शाम में जब गिरे हुए सीमेंट को दूसरे वाहन में लोड किया जा रहा था, तब क्षतिग्रस्त कार दिखी और उसके अंदर महिला सब इंस्पेक्टर और ड्राइवर मिले, जिनकी मौत हो चुकी थी। सिधवलिया थाने की पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस हादसे की जांच कर रही है
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा पुलिस परिवार के लिए बेहद दुखद है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ हादसे के बाद मृत सब इंस्पेक्टर और ड्राइवर के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में दिवंगत सब इंस्पेक्टर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि दी जाएगी।






