बिहार: मेरी पत्नी को भी टावर पर भेजो, वो मनाएगी तभी उतरूंगा; झगड़े के बाद टावर पर चढ़ा शख्स, नीचे उतरा तो हुआ गिरफ्तार
बिहार के आरा में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला है. यहां शराब पीने के लिए पति का अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ, तो शराब के नशे में पति टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा. पुलिस के कई घण्टे की मशक्कत के बाद जैसे-तैसे व्यक्ति को नीचे उतारा गया. ये पूरा मामला आरा के बड़हरा प्रखंड के सिन्हा गांव का है.
बिहार के आरा में पत्नी से नाराज एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने 2 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा किया. इसको देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने एक न सुनी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. युवक ने पुलिस को भी जमकर छकाया.

कूदकर जान देने की दी धमकी
मामला सिन्हा थाना के सिन्हा गांव का है. सिन्हा गांव के रहने वाले कयामुद्दीन का पत्नी से शराब पीने को लेकर झगड़ा हो गया था. इसके बाद वह सिन्हा के एक निजी कैम्पस में लगे टावर के पास पहुंचा और उसपर चढ़ गया. कियामुद्दीम के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने उसे मनाने के हजारों जतन किए, लेकिन वह नहीं उतरा. वो बार-बार कह रहा था कि पहले मेरी पत्नी को ऊपर भेजो, वो यहां आकर मनाएगी, तभी उतरूंगा. अगर ऐसा न किया, तो यहीं से कूदकर जान दे दूंगा.

मिठाई और पैसे का दिया गया लालच
टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने वाले युवक की सूचना ग्रामीणों ने सिन्हा थाना को दिया. आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची. उसे उतारने का हर सम्भव प्रयास पुलिस के द्वारा किया गया. सिन्हा थाना प्रभारी चन्द्रशेखर चौहान ने लोकल18 को बताया कि नीचे से माइकिंग के जरिए उससे आग्रह किया गया, मिठाई, पैसे हर कुछ का लालच दिया गया. अंत मे अग्निशमन विभाग को बुलाया गया, फिर भी युवक नीचे उतरने को तैयार नही हुआ. बाद में किसी ग्रामीण ने पुलिस को सलाह दी कि वो शराब पिया है, इसलिए पुलिस के डर से नीचे नहीं उतर रहा है. पुलिस वहां से हटकर कहीं छिप गई, तो वो खुद 2/3 घण्टे बाद नीचे उतरा. नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पत्नी से झगड़ा बताई वजह
सिन्हा थाना के द्वारा कयामुद्दीन को शराब पीने के मामले में गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश किया गया. इस दौरान कियामुद्दीन ने बताया कि पत्नी से झगड़ा हो गया था. वह लगातार शराब पीने से मना करती थी, जिससे हम गुस्सा हो गए और टावर पर चढ़ गए. बता दें कि शराब ने नशे में ड्रामा करने वाला व्यक्ति तीन शादियां कर चुका है. दो पत्नियों के देहांत के बाद दूसरी पत्नी की बहन से तीसरी शादी की.





