तीसरे चरण की बीपीएससी शिक्षक बहाली का टाइम टेबल जारी, 19 जुलाई से परीक्षा
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने तीसरे चरण की बहाली की तारीखें घोषित कर दी हैं। 19 जुलाई से बीपीएससी टीआरई 3 परीक्षा शुरू होंगी। 19 से लेकर 22 जुलाई तक चार दिन अलग-अलग पालियों में शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। बीपीएससी की ओर से शुक्रवार को इसका टाइम टेबल जारी कर दिया।

बता दें कि इससे पहले मार्च में भी तीसरे चरण के लिए बीपीएससी शिक्षक बहाली परीक्षा आयोजित की गई थी। मगर पेपर लीक होने की वजह से उसे रद्द कर दिया गया था। अब आयोग ने फिर से जुलाई में यह एग्जाम कराने का फैसला लिया है।

बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आधिकारिक वेबसाइट पर शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। इसके अनुसार तीसरे चरण की शिक्षक बहाली परीक्षा 19, 20 और 21 जुलाई को एक पाली में आयोजित की जाएगी, जबकि 22 जुलाई को दो पालियों में यह एग्जाम होगा। पहले तीन दिन एकल पाली की परीक्षा का समय दोपहर 12 से 2.30 बजे तक रखा गया है। वहीं, 22 तारीख को पहली पाली का समय सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली का समय दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।






