नीतीश के घर पहुंचे ललन सिंह-संजय झा, लोकसभा चुनाव ऐलान के बाद NDA में सीट शेयरिंग पर हलचल तेज

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 का ऐलान कर दिया है। बिहार में महागठबंधन और एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर हलचल तेज हो गई है। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और राज्यसभा सांसद संजय झा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास एक अणे मार्ग पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि सीट शेयरिंग का मामला फाइनल करने के लिए तीनों नेता साथ बैठे हैं। बीजेपी में भी चुनावी बैठकों का दौर चल रहा है। खबर है कि नीतीश कुमार के साथ सम्राट चौधरी समेत कई बीजेपी नेताओं की मीटिंग हुई।
कई दिनों से खबर आ रही थी कि बिहार एनडीए में सीट शेयरिंग लगभग फाइनल हो चुका है। हालांकि इसका औपचारिक ऐलान होना बाकी है। पूर्व में मिली जानकारी के अनुसार बिहार के 40 सीटों पर एनडीए के साथी दलों के बीच सेटिंग और सहमति दोनों हो गई है। जानकारी के अनुसार भाजपा को 17 लोकसभा क्षेत्र में अपना उम्मीदवार देना है वहीं जदयू को 16 लोकसभा सीटों पर मौका मिलने वाला है।

लोजपा रामविलास के चिराग पासवान को 5 सीटों पर चुनाव लड़ना है जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी हम को एक और उपेंद्र कुशवाहा के राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक सीट दी गई है। पशुपति पारस की आरएलजेपी को राज्यसभा और प्रिंस पासवान को बिहार में मंत्री बनाने का ऑफर दिया गया है। लेकिन पारस को यह फॉर्मूला मंजूर नहीं है जिससे एनडीए में सीट शेयरिंग की फाइनल तस्वीर औपचारिक रूप से सामने नहीं लाई जा रही है।

इस बीच पटना से खबर आ रही है कि नीतीश कुमार ने इस पर पहल तेज कर दी है। उनकी पार्टी के नेता ललन सिंह और राज्यसभा सांसद संजय झा मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि जल्द ही एनडीए के सीट बंटवारे का औपचारिक ऐलान हो जाएगा। जल्द तय कर लिया जाएगा कि किस सीट पर पार्टी के कौन नेता चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले बीजेपी बिहार के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भी सीएम आवास जाकर नीतीश कुमार से मुलाकात की थी।

बता दें कि बिहार में सात चरणों में सभी 40 लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव होना है। इसके लिए 20 मार्च को पहले चरण का नोटिफिकेशन होने वाला है। पहला चुनाव 19 अप्रैल को होगा जबकि अंतिम सातवें चरण के लिए 1 जून को मतदान होगा। 4 जून को काउंटिंग के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी। भारत की 17वीं लोकसभा की मियाद 16 जून को पूरी होने वाली है।




