कर्पूरी ठाकुर जयंती को लेकर सियासी भिड़ंत: सम्राट चौधरी बोले- राजद-जदयू कार्यालय के सामने बीच सड़क करेंगे कार्यक्रम
बिहार के मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर बीजेपी और जदयू में तकरार ठन गई है। 24 जनवरी को दोनों दलों द्वारा जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। बीजेपी पटना के मिलर हाईस्कूल मैदान में समारोह का आयोजन करने जा रही है जबकि नीतीश कुमार की पार्टी जदयू का कार्यक्रम वेटेनरी कैंपस में होने वाला है। लेकिन एक दिन पहले 23 जनवरी के लिए जदयू ने मिलर स्कूल मैदान को अपने नाम बुक करा लिया है। आज रविवार से ही वहां जदयू का पंडाल बनना शुरू हो गया है। इधर बीजेपी ने जदयू के निर्माणाधीन पंडाल से उनके खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। नीतीश कुमार के समर्थकों पर मैदान पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए जदयू कार्यालय के सामने रोड पर कर्पूरी जयंती मनाने की घोषणा की है।
भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि 18 साल सत्ता में रहने के कारण जदयू के नेता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। 24 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी यहां कर्पूरी ठाकुर का जन्म शताब्दी समारोह मनाने वाली है। आज 21 तारीख है और आज की कोई बुकिंग इस मिलर स्कूल मैदान की नहीं है। लेकिन अब तरीके से यहां कब्जा किया जा रहा है।

पटना स्थित मिलर स्कूल के मैदान में प्रेस को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड अपने आप को लोकतांत्रिक कहती है लेकिन आज जदयू वन मैन पार्टी बनकर रह गई है। नीतीश कुमार ने समता पार्टी के सभी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाकर कब्जा कर लिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यहां उनको कार्यक्रम नहीं करना है। उनका आयोजन वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में है। लेकिन, भाजपा के प्रोग्राम को डिस्टर्ब करने के लिए इस ग्राउंड पर कब्जा कर लिया है। यह लोकतंत्र की हत्या है जिसे भारतीय जनता पार्टी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि जदयू 23 जनवरी के लिए दिसंबर में बुकिंग करने की बात कह रही है। लेकिन भाजपा ने 24 जनवरी के आयोजन के लिए 1 नवंबर को ही आवेदन दे दिया था। सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार पहले भी कर्पूरी विरोधी थे और आज भी वही काम कर रहे हैं। कोई कर्पूरी ठाकुर का गुणगान करें इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 24 तारीख को बीजेपी हर हाल में कर्पूरी जयंती मनाएगी। अगर यह मैदान खाली नहीं मिला तो जदयू ऑफिस के सामने बीच सड़क पर हम कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती मना कर दिखाएंगे। भाजपा नेता ने नीतीश कुमार पर राजद के प्रभाव में इस काम को अंजाम देने का आरोप लगाया।

जदयू का पंडाल मिलर स्कूल मैदान में बनना शुरू हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का कहना है कि 24 जनवरी के कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग आएंगे। उनके ठहरने के लिए इस ग्राउंड को 23 जनवरी के लिए बुक कराया गया है। बुकिंग 1 दिसम्बर को कराई गयी थी। पटना में बहुत सारे मैदान हैं जहां बीजेपी अपना प्रोग्राम कर सकती है। लेकिन उनके समारोह में भीड़ नहीं जुटेगी इसलिए बहाने बना रहे हैं।






