बिहार: शिक्षा विभाग का दफ्तर बना अखाड़ा, डीपीओ के मुंह पर हेडमास्टर ने जड़े कई मुक्के; जान से मारने की धमकी
बिहार में भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र के खिरनी घाट स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय में सोमवार को डीपीओ के साथ एक हेडमास्टर ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद कार्यालय में अफरातफरी की स्थिति हो गई। हाथापाई के बाद मामले की सूचना बरारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपित हेडमास्टर को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व में भी हेडमास्टर एक डीईओ और प्रशासनिक पदाधिकारी से गलत व्यवहार मामले में विवादों में रह चुके हैं।
दरअसल, उर्दू मध्य विद्यालय, घोरघट के हेडमास्टर शिव पासवान बीपीएससी से चुने गए तीन शिक्षकों के योगदान को लेकर शिक्षा विभाग पहुंचे थे। उन्होंने योगदान संबंधी दस्तावेज डीपीओ को दिया। इस पर डीपीओ ने कहा कि 21 नवंबर तक ही दस्तावेज लेने की तिथि थी, वह अब खत्म हो गई है। इस पर शिव पासवान ने कहा कि पहले भी उन्होंने शिक्षकों को भेजा था, लेकिन कार्यालय में कार्य नहीं हुआ था। इस पर डीपीओ ने कहा कि जिले के सभी स्थानों से शिक्षकों का दस्तावेज 21 नवंबर तक आया। इसके लिए अतिरिक्त काउंटर भी बनाए गए थे।

डीपीओ ने बताया कि इस बात पर ही शिव पासवान उनको बुरा-भला कहने लगे। जब इसका विरोध किया तो उसने मुंह पर मुक्का चला दिया। एक के बाद एक कई बार मुक्के से प्रहार किया। उसने जान से मारने और एससी, एसटी के झूठे केस में फंसा देने की धमकी दी। डीपीओ से मारपीट होता देख विभागीय कर्मचारियों ने बीच बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। उनके नाक में ज्यादा चोट लगी है।

घटना की लिखित शिकायत डीपीओ ने बरारी थाने में दी है। बरारी थानेदार कमाल ने बताया कि मामले में डीपीओ के बयान पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित शिक्षक को मंगलवार को जेल भेजा जाएगा।






