बिहार: रिश्वतखोर अमीन गिरफ्तार, जमीन की मापी के लिए मांगी थी 15 हजार घूस; रंगे हाथ हुआ अरेस्ट
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम के द्वारा शुक्रवार की शाम बिहार के नालंदा चण्डी अंचल में पदस्थापित अमीन मनोज कुमार को 15 हजार रिश्वत लेते प्रखंड अंचल कार्यालय नगरनौसा में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
चण्डी थाना के दस्तूरपर गाँव निवासी अजय कुमार के द्वारा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में 23 अगस्त को शिकायत दर्ज कराया था कि चण्डी अंचल अमीन मनोज कुमार के द्वारा जमीन मापी की रिपोर्ट देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

ब्यूरो द्वारा सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पत्र पाया गया। आरोप सही पाये जाने के उपरांत कांड दर्ज किया गया है एवं डीएसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। जिनके द्वारा शुक्रवार की शाम कार्रवाई करते हुए चण्डी के अंचल अमीन मनोज कुमार को 15 हजार रिश्वत लेते नगरनौसा प्रखंड से अंचल कार्यालय में रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त को पूछताछ के उपरांत निगरानी पटना न्यायालय में उपस्थित किया जाएगा।






