Bihar

चाचा पारस को झटका देने की तैयारी में भतीजा चिराग, सांसद महबूब अली कैसर की मुलाकात के बाद अटकलें हुईं तेज

बिहार विधानसभा के बीते चुनाव में बीजेपी के हनुमान बनकर उतरे चिराग पासवान की पार्टी और परिवार भले ही बाद में टूट गई हो लेकिन अब एक बार फिर चिराग पासवान अपना कुनबा मजबूत करने की कवायद करते नजर आ रहे हैं. चिराग पासवान समेत उनकी पार्टी के कुल 6 सांसद थे लेकिन जब परिवार में टूट हुई तो चाचा पशुपति कुमार पारस को मिलाकर 5 सांसद अलग हो गए. चिराग पासवान तब बिल्कुल अकेले पड़ गए थे लेकिन अब एक बार फिर से चिराग की तरफ चाचा पारस के खेमे में शामिल सांसद रुख करने लगे हैं.

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के खेमे में शामिल सांसद महबूब अली कैसर ने चिराग पासवान से मुलाकात की है. इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारे में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या भतीजे ने चाचा के किले में सेंधमारी शुरू कर दी है? क्या वाकई महबूब अली कैसर की घर वापसी होने जा रही है?

पटना में हुई मुलाकात

लंबे अरसे बाद सांसद महबूब अली कैसर ने चिराग पासवान से मुलाकात की है. दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात आज दोपहर तकरीबन 12 बजे चिराग पासवान के पटना आवास पर हुई है. महबूब अली कैसर चिराग से मिलने उनके घर पहुंचे तो साथ में कैसर के बेटे और आरजेडी के विधायक यूसुफ सलाउद्दीन भी मौजूद थे. दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत हुई. इसके बाद यह चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि क्या वाकई कैसर एक बार फिर से पाला बदलेंगे? क्या चिराग पासवान का साथ छोड़कर जाने वाले सांसद अब एक बार फिर चिराग के साथ आने को तैयार हैं?

पारस को लगेगा झटका?

सांसद महबूब अली कैसर और चिराग पासवान के बीच हुई मुलाकात के बाद सियासी गलियारे में तरह-तरह की चर्चा हो रही है. कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या कैसर की घर वापसी हो सकती है. महबूब अली कैसर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और बाद में वह रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल हो गए थे. 2014 में वह लोजपा के टिकट पर खगड़िया लोकसभा से चुनाव लड़े और जीत हासिल की. दूसरी बार 2019 में भी पार्टी ने उन्हें टिकट दिया और वह लोकसभा के सांसद बने, लेकिन रामविलास पासवान के निधन के बाद जब चिराग पासवान के खिलाफ चाचा पशुपति कुमार पारस ने मोर्चा खोला तो कैसर भी उनके साथ हो लिए.

BJP के साथ जाएंगे चिराग

बिहार विधानसभा के पिछले चुनाव में चिराग पासवान ने बीजेपी से अलग होकर किस्मत आजमाई थी. तब लोक जनशक्ति पार्टी ने एनडीए में शामिल नीतीश कुमार के पार्टी जेडीयू के उम्मीदवारों के सामने अपना कैंडिडेट दिया था. जेडीयू जब 43 सीटों पर सिमट गई तो चिराग पासवान को इसके लिए जिम्मेदार माना गया. बाद में चिराग पासवान की पार्टी और परिवार के अंदर टूट हुई तो इसके सूत्रधार नीतीश कुमार ही माने गए. रामविलास पासवान के निधन के बाद चिराग पासवान की जगह उनके चाचा पशुपति कुमार पारस को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली. लेकिन पारस के केंद्रीय मंत्रिमंडल में रहते चिराग पासवान एक बार फिर बीजेपी के करीब आने लगे. बिहार में हुए उपचुनाव में चिराग पासवान ने बीजेपी उम्मीदवारों का समर्थन किया.

पत्ते नहीं खोल रहे चिराग

चिराग अभी भी गठबंधन को लेकर पत्ते नहीं खोल रहे लेकिन यह लगभग तय माना जा रहा है कि 2024 में चिराग पासवान बीजेपी के साथ ही जाएंगे. इसकी एक और बड़ी वजह है क्योंकि नीतीश कुमार एनडीए का हिस्सा नहीं हैं. मौजूदा समीकरण को देखते हुए अगर चाचा पशुपति कुमार पारस के साथ खड़े सांसद चिराग पासवान की तरफ आने लगे तो इसमें कोई खास अचरज भी नहीं दिखता. चिराग पासवान और महबूब अली कैसर की मुलाकात को इस नजरिए से भी देखा जा सकता है, हालांकि, इस मुलाकात को लेकर किसी ने भी अधिकारिक बयान नहीं दिया है.

Avinash Roy

Recent Posts

बिहार में अब ऊंची नहीं होंगी सड़कें, पुरानी परत हटाकर बनानी होगी नई सड़क

बिहार के शहरों में जलजमाव की बढ़ती समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने अहम…

8 घंटे ago

पटना से अपहृत डॉक्टर को पुलिस ने समस्तीपुर से 24 घंटे में किया बरामद, 70 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश भी गिरफ्तार

राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के अपहरण मामले में बड़ी कार्रवाई की…

9 घंटे ago

‘नशा मुक्ति दिवस’ के अवसर पर Kids and Moms Dance Academy में कार्यक्रम आयोजित

समस्तीपुर : नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर शहर के मगरदही चौक स्थित Kids and…

10 घंटे ago

समस्तीपुर जिले में 16 से 21 फरवरी तक प्रखंडवार जॉब कैंप का आयोजन, यहां देखें जगह और तारीख

समस्तीपुर : जिला नियोजनालय, समस्तीपुर के तत्वावधान में 16 फरवरी से 21 फरवरी तक विभिन्न…

11 घंटे ago

समस्तीपुर में आम हड़ताल के समर्थन में सड़कों पर उतरे कर्मचारी, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

समस्तीपुर : अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर गुरुवार को बिहार राज्य…

21 घंटे ago