बिहार में पठान फिल्म का विरोध कर मुश्किल में फंसी बजरंग दल, पोस्टर फाड़ने वाले 10 नामजद एवं 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR
रिलीज के एक दिन पहले मंगलवार को ही पठान फिल्म का विरोध भागलपुर में जोरदार तरीके से किया गया था. एबीवीपी व बजरंग दल के सदस्यों ने दीपप्रभा सिनेमा हॉल में लगाये गये पोस्टर को फाड़कर जला दिया था और अपना विरोध प्रकट किया था. बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इस फिल्म को लोगों ने देखा. लेकिन अब विरोध करने वाले लोग कानूनी प्रक्रिया में उलझ गये हैं और पुलिस उनकी पहचान में जुट गयी है.
10 नामजद एवं 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मंगलवार को दीपप्रभा सिनेमा हॉल में फिल्म पठान को दिखाने का विरोध एबीवीपी एवं बजरंग दल के सदस्यों ने किया था.इन लोगों ने पोस्टर को क्षतिग्रस्त कर दिया था. बुधवार को पुलिस ने इस मामले में 10 नामजद एवं 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस इन आरोपितों की तलाश में लगी है. वहीं इनकी तस्वीर जो विरोध के वक्त वायरल हुई थी उसके आधार पर अज्ञात की पहचान में जुटी है.
पठान फिल्म का विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में, 10 लोगों को नामजद करते हुए तथा 15 अज्ञात के विरुद्ध, जोगसर थाना में कांड दर्ज कर विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है।@bihar_police
— Bhagalpur Police (@PoliceBhagalpur) January 25, 2023

बजरंग दल व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का विरोध
पठान फिल्म का पोस्टर जब मंगलवार को दीपप्रभा टॉकिज सिनेमा हॉल के बाहर लगाया गया तो कुछ ही घंटे बाद दो दर्जन की संख्या में बजरंग दल व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता सिनेमा हॉल के कैंपस में पहुंच गये थे. उन्होंने नारेबाजी की थी और हॉल में घुसकर शाहरूख खान व दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान के पोस्टरों को फाड़ डाला था. एक बड़े पोस्टर को सिनेमा हॉल परिसर में ही जला दिया गया था. अब पुलिस उन लोगों पर कार्रवाई में जुटी है.

बता दें कि गुरुवार को जब फिल्म रीलिज हुई तो बड़ी तादाद में बजरंग दल के कार्यकर्ता सिनेमा हॉल पहुंच गये थे. मुख्य द्वार पर बैठकर उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था. जिसके बाद अधिक संख्या में पुलिस बलों की तैनाती सिनेमा हॉल के अंदर की गयी थी. वहीं दर्शकों की भीड़ भी सिनेमा देखने उमड़ी रही.





