बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार घना कुहासा छाए रहने के आसार हैं। सूरज के दर्शन देर से होंगे। कनकनी बढ़ सकती है। पटना समेत पांच जिलों में शीत दिवस जैसी स्थिति के आसार हैं। वैसे सूबे में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। घने कोहरे को लेकर राज्यभर में अलर्ट जारी किया गया है।
10 जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे
मौसमविदों के मुताबिक मध्य भारत में बने प्रतिचक्रवात और दो तरफा हवा के कारण मौसम में बदलाव होने से ठंड और कोहरा बढ़ा है। नमी युक्त बर्फीली हवा के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिरा है। समस्तीपुर, गया, औरंगाबाद, सीवान, पटना, नवादा, शेखपुरा, बांका, सबौर, खगड़िया, सहरसा, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, किशनगंज का तापमान 10 डिग्री के नीचे रहा।
रविवार को पटना, पूर्णिया, भागलपुर, गया समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण पटना में 50 मीटर दृश्यता होने से विमान व यातायात सेवाएं प्रभावित रहीं। पटना व कई जिलों में सुबह 11 बजे के बाद हल्की धूप निकली लेकिन दिनभर कोहरा छाया रहा। देर शाम होते ही ठंड का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ने लगा। फिर से घना कुहासा छा गया। इससे सड़कों पर वाहनोें को चलाने में काफी मुश्किलें आईं। ट्रेनें भी नियंत्रित गति से चलीं। रविवार को पटना के अधिकतम पारा में दो डिग्री की गिरावट आई और 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री रहा। प्रदेश में गया 7.3 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
ठंड से स्कूल बंद
बढ़ती ठंड के कारण राज्य के कई जिलों के स्कूल सोमवार से नहीं खुलेंगे। पटना में नर्सरी से आठवीं तक के सभी स्कूल 7 जनवरी तक बंद रहेंगे। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने यह आदेश रविवार को जारी किया। अब यहां के स्कूल 9 को खुलेंगे क्योंकि आठ को रविवार है। डीएम ने इससे पहले 28 से 31 दिंसबर तक स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया था। इधर, समस्तीपुर में 5, गोपालगंज में 4, सारण में 5, बक्सर में 5, औरंगाबाद में 7, आरा में 4, बिहारशरीफ में 7 और जहानाबाद में 7 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। गया के सभी स्कूल भी एक सप्ताह बंद रहेंगे। वहीं, भागलपुर में तीन , खगड़िया में छह, कटिहार तथा मुंगेर में सभी स्कूल पांच जनवरी तक बंद रहेंगे।
प्रमुख जिलों का न्यूनतम पारा
शहर तापमान
पटना 9.3
समस्तीपुर 7.9
गया 7.3
औरंगाबाद 9.0
जमुई 11.5
सीवान 9.0
मुजफ्फरपुर 11.1
रोहतास 10.0
नवादा 9.6
वाल्मीकिनगर 11.0
पूर्वी चंपारण 9.0
सीतामढ़ी 8.9
सुपौल 10.6
सहरसा 8.7
खगड़िया 9.3
भागलपुर 10.1
बांका 8.7
सबौर 8.0
(डिग्री सेल्सियस में)
प्लेन-ट्रेन की लेट लतीफी से बड़ी संख्या में लोग हुए निराश
प्लेन- ट्रेन की लेटलतीफी से यात्रा कर रहे लोगों के नये वर्ष के आंनद में खलल पड़ी। राज्य भर में घंटों देरी से ट्रेनों की आवाजाही हुई, जबकि विमान भी समय से नहीं उतर सके। इससे दूसरे शहरों से अपने घर आ रहे लोगों का दिन रास्ते में ही गुजर गया। पटना, गया और दरभंगा एयरपोर्ट पर सुबह से ही विमानों की आवाजाही समय पर नहीं हो पायी। पटना एयरपोर्ट पर रविवार को इंडिगो की मुंबई पटना फ्लाइट भी रद्द कर दी गई। दरभंगा एयरपोर्ट पर भी एक विमान रद्द रहा। कमजोर दृश्यता की वजह से पटना में पहला विमान 12 बजे के बाद उतरा। यहां एक दर्जन विमान देर से आए गए। साथ ही राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों की लेटलतीफी की लंबी सूची रही। पटना में एक दर्जन ट्रेनें लेट से आईं। तेजस राजधानी तीन घंटे 20 मिनट व संपूर्ण क्रांति 3.30 घंटे लेट से पटना पहुंची।
बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को एक बड़ा निर्माणाधीन पुल हादसा सामने आया है.…
समस्तीपुर : गंगा एवं वाया नदी के जलस्तर में पिछले कुछ घंटों से मामूली गिरावट…
समस्तीपुर/पूसा : वैज्ञानिक के स्थानांतरण विवाद में पटना हाईकोर्ट ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि…
समस्तीपुर : 47 वार्डों के समस्तीपुर शहर में नगर निगम से 100 करोड़ रूपये से…
समस्तीपुर : सदर अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में बुधवार को सदर एसडीओ राकेश कुमार की अध्यक्षता…
समस्तीपुर : समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय ने बुधवार को बहुचर्चित हत्याकांड में अपना फैसला सुनाते हुए…