जन संवाद में समस्तीपुर के DM ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पादन का निर्देश

समस्तीपुर : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन डीएम को सौंपे। डीएम ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
जन संवाद के दौरान सबसे अधिक मामले भूमि एवं राजस्व विभाग से जुड़े सामने आए। इनमें दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद और अतिक्रमण के मामले शामिल थे। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, बिजली आपूर्ति, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतें भी लोगों ने रखीं। डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थल निरीक्षण या अन्य विभागों के साथ समन्वय की जरूरत है, उनका भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए। आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को आवेदनों की नियमित समीक्षा करने और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया। मौके पर एडीएम ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।





