सुधांशु ह’*त्याकांड मामले में मुफस्सिल पुलिस ने एक और आरोपित को किया गिरफ्तार, मुख्य अभियुक्त समेत कई पहले जा चुके हैं जेल

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव में हुए चर्चित सुधांशु शर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भुसारी निवासी उमेश दास के पुत्र पवन कुमार के रूप में की गयी है। मुफस्सिल थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जाता है कि इसी वर्ष 10 मार्च को सुधांशु शर्मा की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद हत्यारों ने शव और सिर को अलग-अलग स्थानों पर जमीन में गाड़ दिया था।

मृतक 10 मार्च से लापता था। करीब तीन दिन बाद पुलिस ने गांव में एक घर के पीछे जमीन में गड़ा उसका शव बरामद किया था। इसके अगले दिन घटनास्थल के पास से ही उसका सिर भी बरामद हुआ था। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस पूर्व में मुख्य आरोपित समेत कई अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि सुधांशु हत्याकांड में पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






