समस्तीपुर : शादी समारोह से लौट रहे किशोर को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौ’त, अगले साल मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था पंकज

समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरविंद राम के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। वह गुरुवार को भोजपुर गांव में अपने चचेरे भाई धर्मेंद्र की साली की शादी में शामिल होने गया था। देर रात समारोह से घर लौटने के दौरान पूर्णाहा चौर के समीप एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। आनन-फानन में परिवार के लोग उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पंकज दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई प्रिंस कुमार छठी कक्षा में पढ़ता है। पंकज अगले साल मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था। उसकी मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।


सूचना पर पहुंची सरायरंजन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। इस संबंध में सरायरंजन पुलिस ने बताया कि बाइक की टक्कर से किशोर की मौत हुई है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





