शहर के ताजपुर रोड स्थित होटल में एसी का कॉपर वायर काटते युवक को कर्मियों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के ताजपुर रोड स्थित भोला टॉकीज गुमटी के पास एक होटल में चोरी का प्रयास कर रहे युवक को होटल कर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक होटल में लगे एसी का कॉपर वायर काट रहा था। पकड़े गए युवक की पहचान शहर के धरमपुर निवासी बूटन राम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मंगलवार की रात युवक होटल के पास रेलवे लाइन किनारे लगे एसी का कॉपर वायर काट रहा था। इसी दौरान होटल के एक कर्मी की नजर उस पर पड़ गई। कर्मी ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि होटल प्रबंधन के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


