पीएम मोदी की वैशाली सभा में मगध, तिरहुत, सारण और मिथिला से लोग जुटेंगे; NDA की बड़ी तैयारी

बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली आएंगे। उनके बिहार दौरे को सफल बनाने के लिए मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को एनडीए नेताओं की बैठक हुई। बिहार भाजपा प्रभारी हरीश द्विवेदी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में तय हुआ कि वैशाली से सटे पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण (छपरा) आदि जिलों से लोगों को पीएम के कार्यक्रम में शामिल कराया जाएगा। यानी कि मगध, तिरहुत, सारण और मिथिला क्षेत्र से लोग मोदी की सभा में जुटेंगे।
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए 11, 12 और 13 नवंबर को प्रखंड स्तर एनडीए की बैठकें होंगी। साथ ही 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर गठबंधन के नेता बैठक कर तैयारी करेंगे। हरीश द्विवेदी ने कहा कि एनडीए पूरी एकजुटता और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रहा है। सभी घटक दल एक साथ सरकार की उपलब्धियों और पीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली के राजापाकर में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। यह बिहार के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत करें।

कार्यक्रम को भव्य बनाएंगे: सरावगी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 20 नवंबर को एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। 21 को राजापाकर प्रखंड स्थित जाफरपट्टी के 1200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले औद्योगिक एस्टेट में कार्यक्रम होना है। एनडीए के सभी घटक दल कार्यक्रम को भव्य और दिव्य बनाएंगे। विपक्ष के भ्रामक नैरेटिव का एनडीए कार्यकर्ता एकजुट होकर जवाब देंगे।

हर कार्यक्रम सफल बनाया: श्रवण
बिहार भाजपा के सह-प्रभारी रोहन गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं को विनम्रता के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और नीतियों को साझा करना है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एनडीए के कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में कार्यक्रमों को सफल बनाया है और कभी पीछे कदम नहीं हटाया। हम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, लोजपारा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक, रालोमो के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह चंद्रवंशी ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। मौके पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद संजय कुमार गांधी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।



