बिना परमिशन रोड शो निकाल फंसे अनंत सिंह और अनुज; MLC चुनाव से पहले दोनों पर 3 केस दर्ज

बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान चढ़ा हुआ है। इस बीच विधान परिषद चुनाव से पहले जदयू विधायक अनंत सिंह और इस चुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह एक नए कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। स्नातक विधान परिषद चुनाव के दौरान चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन कर रोड शो निकालना मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह और जनसुराज प्रत्याशी को महंगा पड़ गया है। दोनों के खिलाफ तीन केस दर्ज हो गए हैं।
यहां बता दें कि मोकामा और आसपास के इलाकों में बाहुबली के तौर पर पहचान रखने वाले जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह बिहार MLC चुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर प्रचार कर रहे हैं। अनंत सिंह ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार को हराने की बात बार-बार कह रहे हैं।

अब आचार संहिता उल्लंघन मामले में मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह और पटना स्नातक विधान परिषद क्षेत्र के जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह पर एफआईआर दर्ज किया गया है। इस संबंध में मोकामा थाना में एक और बाढ़ थाना में दो एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार 18 अक्टूबर को विधायक अनंत सिंह ने बिना अनुमति बाढ़ और मोकामा विधानसभा क्षेत्र में जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो किया। इस रोड शो के दौरान जेसीबी से विधायक और जन सुराज प्रत्याशी पर पुष्प वर्षा की गई थी।

रोड शो के दौरान दर्जनों गाड़ियों का काफिला शामिल था,जिससे एनएच और मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई।यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया गया। न तो रोड शो की अनुमति ली गई थी और न ही वाहनों के काफिले को लेकर प्रशासन को सूचना दी गई थी।इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।



