कंटेनर में छिपाकर रखी गई शराब लोड चारों Scorpio हो सकती है चोरी की, लगा है फर्जी नंबर प्लेट

समस्तीपुर : उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर शंकर चौक के पास उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। रात्रि गश्ती के दौरान बुधवार की रात एक संदिग्ध कंटेनर की तलाशी लेने पर उसके अंदर खड़ी चार स्कार्पियो से 2610 लीटर अलग-अलग ब्रांडों के विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। मौके से कंटेनर और चारो स्कार्पियो को भी जब्त कर लिया गया है।
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शंकर चौक के समीप खड़ी एक कंटेनर पर संदेह हुआ। उत्पाद की टीम को देखकर चालक फरार हो गया। इसके बाद उसकी जांच की गई। तलाशी के क्रम में कंटेनर के भीतर चार स्कार्पियो खड़ी मिलीं। जब वाहनों की जांच की गई तो उनमें पांच अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद विभागीय टीम ने सभी वाहनों और शराब को अपने कब्जे में ले लिया। उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 2610 लीटर है और इसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए थाने लाया गया है।

कहां से आई शराब, कहां होनी थी सप्लाई :
कंटेनर के अंदर चार स्कार्पियो में शराब छिपाकर ले जाने का मामला सामने आने के बाद तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। फिलहाल इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। उत्पाद विभाग मामले की जांच में जुटा है।

कंटेनर में छिपाकर रखी गईं चार स्कार्पियो से 2610 लीटर ब्रांडेड शराब जब्त, 40 लाख रुपये आंकी गई बरामद शराब की कीमत#Samastipur #Ujiyarpur #Wine #Liquor #Excise #ExciseDepartment @Bihar_PER pic.twitter.com/xBN4rdfqFv
— Samastipur Town (@samastipurtown) October 15, 2026
बताया गया है कि कंटेनर से किसी सुनसान जगह पर स्कार्पियो को उतारकर उसी से शराब समेत सभी स्कार्पियो को अलग-अलग हिस्सों में भेज दिया जाता। उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया की सभी स्कार्पियो पर फर्जी नंबर प्लेट लगे हैं। आशंका है की स्कार्पियो भी चोरी की हो सकती है। जिला परिवहन कार्यालय से इसकी जांच करायी जाएगी। वहीं बरामद कंटेनर के मालिक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के साखमोहन के रामवृक्ष यादव के पुत्र त्रिभुवन कुमार के रूप में की गयी है। उत्पाद अधिनियम के तहत वाहन स्वामी को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
वीडियो :



