समस्तीपुर में 318 किलो गांजा बरामद, मां-बेटी समेत चार महिलाएं गिरफ्तार

समस्तीपुर/बिथान : समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के तेलनी गांव में गुरुवार की रात नारकोटिक्स विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 318 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कार्रवाई रामबली महतो के घर पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इस दौरान मौके से मां-बेटी समेत चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। भारी मात्रा में गांजा बरामद होने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि नारकोटिक्स विभाग को तेलनी गांव में गांजा की अवैध तस्करी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद बिथान थाना पुलिस के सहयोग से टीम ने संबंधित ठिकाने की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। अधिकारियों ने रामबली महतो के मकान समेत आसपास के संभावित ठिकानों की करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी ली। इसी क्रम में छिपाकर रखी गई गांजा की बड़ी खेप बरामद हुई।


छापेमारी की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बलों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए तलाशी और जब्ती की कार्रवाई पूरी कराई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बरामद गांजे को विधिवत जब्त किया गया। संयुक्त अभियान उच्चाधिकारियों की निगरानी में चलाया गया। मौके पर रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार, बिथान बीडीओ बबलू कुमार और सीओ रूबी कुमारी मौजूद रहीं। वहीं, बिथान थानाध्यक्ष राज किशोर राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
रोसड़ा डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि बरामद गांजे का कुल वजन 318 किलोग्राम है। मौके से गिरफ्तार की गई चार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में खपाने की तैयारी थी। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।





