चार माह के बकाया वेतन के लिए अनशन पर बैठी ANM का टूटा अनशन, समस्तीपुर सिविल सर्जन ने लस्सी पिलाकर कराया अनशन समाप्त

समस्तीपुर : विगत चार माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज विरसिंहपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम मृदुला कुमारी का अनिश्चितकालीन अनशन बुधवार को समाप्त हो गया। सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने लस्सी पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। इस दौरान सिविल सर्जन ने उनकी समस्या को सुनते हुए जल्द निराकरण का आश्वासन दिया। बता दें कि मृदुला कुमारी एक अगस्त से सिविल सर्जन कार्यालय के सामने बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर अनशन पर बैठी थीं।
उनका कहना था कि चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में स्वास्थ्य विभाग में उनकी नियुक्ति हुई थी।एएनएम के अनुसार, वेतन भुगतान को लेकर उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने लोक शिकायत में भी मामले की शिकायत की। 10 अगस्त को सुनवाई के दौरान लोक शिकायत पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को मामले की जांच कर बकाया वेतन का भुगतान कराने का निर्देश दिया था।


उनका आरोप था कि निर्देश के बावजूद वेतन भुगतान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने अनशन शुरू किया।बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सामने अनशन समाप्त कराए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से उनकी समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि एएनएम की समस्या को सुना गया है। लस्सी पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया गया है। मामले का जल्द निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।
लोक शिकायत के आदेश का भी असर नहीं! 4 महीने का वेतन पाने के लिए ANM ने समस्तीपुर सिविल सर्जन कार्यालय के सामने शुरू किया अनिश्चितकालीन अनशन#Samastipur #news pic.twitter.com/ReRV1GW8WX
— Samastipur Town (@samastipurtown) September 2, 2026





