30 नवंबर तक चलेगा अनीमिया जांच व उपचार अभियान, समस्तीपुर सदर अस्पताल में डीएम ने किया शुभारंभ

समस्तीपुर : अनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत मंगलवार को सदर अस्पताल में अनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान का जिलास्तरीय शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की शुरुआत की। इस दौरान बिहार के सभी जिलों के 115 स्वास्थ्य संस्थानों के साथ टू-वे कम्युनिकेशन किया गया। सदर अस्पताल सहित जिले के सभी अनुमंडलीय एवं रेफरल अस्पताल भी कार्यक्रम से जुड़े। सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम रोशन कुशवाहा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल कर्मी और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया। अभियान के तहत 25 अगस्त से 30 नवंबर तक सभी आयु वर्ग के लोगों, विशेषकर किशोरियों और महिलाओं में अनीमिया की जांच और उपचार किया जाएगा। सदर अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा चलंत चिकित्सा दल के माध्यम से सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में भी अनीमिया की जांच होगी। अभियान के दौरान लाभार्थियों की जांच डिजिटल हीमोग्लोबीनोमीटर से की जाएगी।


अनीमिया पाए जाने पर आवश्यकता के अनुसार आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां और अन्य जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रति पंचायत प्रतिदिन 20 लाभार्थियों की अनीमिया जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस और शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय से अभियान चलाने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को सही खान-पान एवं पोषण के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।





