समस्तीपुर में DRUCC की बैठक में रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, सुझावों पर कार्रवाई का आश्वासन

समस्तीपुर : समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मंथन सभागार में शुक्रवार को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की तीसरी बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने की, जबकि संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति ने किया। बैठक में समिति के 27 सदस्यों के अलावा मंडल के सभी शाखा अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सदस्यों ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों की समय-सारणी, स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय, स्टेशन विकास, यात्री सुरक्षा, मॉड्यूलर शौचालय निर्माण तथा अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
संबंधित शाखा अधिकारियों ने इन सुझावों पर तथ्यात्मक जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। अध्यक्षीय संबोधन में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।डीआरयूसीसी रेल प्रशासन और यात्रियों के बीच महत्वपूर्ण संवाद का माध्यम है, जिससे प्राप्त सुझाव रेलवे की योजनाओं और यात्री सुविधाओं के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि समस्तीपुर मंडल ट्रैक रूट किलोमीटर के आधार पर पूर्व मध्य रेल का सबसे बड़ा मंडल है।


मंडल में 787 समपार फाटक हैं, जो भारतीय रेल के किसी भी मंडल में सर्वाधिक हैं। बढ़ते यातायात को देखते हुए आरओबी और आरयूबी निर्माण पर प्राथमिकता से काम किया जा रहा है।डीआरएम ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 23 स्टेशनों में छह का आधुनिकीकरण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अगले दो से तीन माह में छह अन्य स्टेशनों का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी, कोच गाइडेंस डिस्प्ले, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड का दोहरीकरण पूरा हो चुका है। वहीं पूर्णिया कोर्ट और नरकटियागंज स्टेशन पर ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित की गई है।

समस्तीपुर मंडल : डीआरयूसीसी बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार पर मंथन, सुझावों पर कार्रवाई का आश्वासन
डीआरएम बोले- जनहित से जुड़े हर व्यवहारिक प्रस्ताव पर होगी प्राथमिकता से कार्रवाई
अमृत भारत योजना के तहत 23 स्टेशनों का हो रहा कायाकल्प
6 रेलवे स्टेशनों का का आधुनिकीकरण… pic.twitter.com/OtCjfRR4Fx
— Samastipur Town (@samastipurtown) July 19, 2026
बेतिया स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज यात्रियों को समर्पित किया गया है तथा दरभंगा स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने का कार्य जारी है। डीआरएम ने समिति सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित और यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक व्यवहारिक प्रस्ताव पर रेलवे के नियमों के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा ने सभी सदस्यों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




