फर्जी दस्तावेज के सहारे पुश्तैनी जमीन कब्जाने की कोशिश, 10 नामजद समेत 20-25 पर केस
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के काजीचक धर्मपुर निवासी हरिचरण दास ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी पुश्तैनी जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर 10 नामजद समेत 20-25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पहले से बिक चुकी जमीन की कथित रूप से फर्जी रजिस्ट्री कराई गई।
इसके बाद आरोपित हथियारों के साथ जमीन पर पहुंचे और जबरन कब्जा कर बाउंड्री कराने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


