फर्जी शिक्षक नियुक्ति मामले में प्रधानाध्यापिका व कथित शिक्षक पर FIR, वेतन भुगतान की साजिश का आरोप

समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड के नौआचक पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, नौआचक वार्ड संख्या-02 में फर्जी शिक्षक नियुक्ति का मामला सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) निर्मला कुमारी के आवेदन पर सरायरंजन थाना में प्रभारी प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी और कथित शिक्षक मो. जावेद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने विभागीय नियमों को दरकिनार कर मो. जावेद का विद्यालय में फर्जी तरीके से योगदान कराया। इसके बाद मार्च 2026 से उसकी उपस्थिति दर्ज कर सरकारी वेतन का भुगतान कराने का प्रयास किया गया।


विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि मो. जावेद का नाम नियोजन इकाई के किसी भी अधिकृत अभिलेख या चयन सूची में दर्ज नहीं है। इसके अलावा, प्रस्तुत नियोजन पत्र और पंचायत सचिव के हस्ताक्षर की तिथियों में भी गंभीर विसंगतियां पाई गईं, जिससे दस्तावेजों की वैधता पर सवाल खड़े हो गए। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) और जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर सरायरंजन थाना कांड संख्या-129/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 344 समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच की जा रही है।





