समस्तीपुर : निर्माणाधीन मकान की छत पर करंट लगने से मजदूर की मौ’त, 8 माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

समस्तीपुर : नगर थाना क्षेत्र के धरमपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहे एक मजदूर की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारों गांव निवासी अमरेश कुमार सिंह के पुत्र कर्मवीर कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है।बताया गया है कि कर्मवीर अपने नौ अन्य साथियों के साथ धर्मपुर स्थित शंभू कुमार के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गया था। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मकान की छत पर जोड़ाई का काम चल रहा था। इसी दौरान कर्मवीर छत की सफाई कर रहा था। तभी मकान के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगते ही वह छत पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद साथी मजदूरों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. अमितेश रंजन श्रीवास्तव ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल पहुंचे परिजन चित्कार मारकर रोने लगे। परिजनों ने बताया कि मृतक कर्मवीर अपने दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता अमरेश कुमार सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी शादी, आठ माह का है बेटा :
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि कर्मवीर की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व बक्सर जिले के एरौली निवासी सोनी कुमारी से हुई थी। उसकी पत्नी की गोद में महज आठ माह का एक बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। सदर अस्पताल पहुंची पत्नी अपने पति को याद कर बेसुध होकर विलाप करती रही। उसकी चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। इधर घटना की सूचना मिलने पर नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




