हसनपुर स्थित मुन्ना मेडिकल हाॅल का लाइसेंस रद्द, नशीली दवा बेचने का वीडियो हुआ था वायरल, जांच में भी मिली थी अनियमितता
समस्तीपुर/हसनपुर : जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर सहायक औषधि नियंत्रक समस्तीपुर ने हसनपुर प्रखंड अंतर्गत दूधपुरा बाजार स्थित मुन्ना मेडिकल हॉल मंगलगढ़ के लाइसेंस को रद्द कर दिया। संबंधित मेडिकल दुकान के लाइसेंस रद्द की जानकारी सहायक औषधि नियंत्रक समस्तीपुर के द्वारा 04 जुलाई 2026 को जारी लेटर से मिली है। बताया जाता है कि एक माह पहले 01 जून 2026 को हसनपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दूधपुरा बाजार स्थित मेडिकल दुकान मुन्ना मेडिकल की जांच ड्रग विभाग के अधिकारियों ने किया था।
प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री की सूचना पर पहुंची अधिकारियों की टीम ने जांच के दौरान दुकानों के दवा अभिलेखों एवं स्टॉक की जांच किया था। जांच के बाद अधिकारियों की टीम एक सौ से अधिक दवाईयों का सैंपल लेकर रवाना हो गई थी। उसी समय इस मेडिकल दुकान के अनुज्ञप्ति रद्द होने की चर्चा शुरू हो गई थी। आखिरकार एक माह संबंधित पदाधिकारी ने प्रदत्त अनुज्ञप्ति को रद्द कर ही दिया। बताया जाता है कि एक माह पहले मुन्ना मेडिकल में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के बिक्री का एक विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल होने के बाद हरकत में आई ड्रग विभाग की टीम ने इस दुकान पर छापेमारी कर कार्रवाई शुरू कर दिया था।

