भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के गांव पहुंचे 11 प्रशिक्षु IAS, जाना जननायक का जीवन दर्शन

समस्तीपुर : भारत रत्न जननायक स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पैतृक गांव कर्पूरीग्राम में सोमवार को देश के 11 प्रशिक्षु आईएएस (IAS) अधिकारी पहुंचे। अपने क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के तहत पहुंचे इन युवा अधिकारियों ने जननायक के आदर्शों और उनके सादगीपूर्ण जीवन को करीब से समझा. गांव पहुंचने पर सभी अधिकारियों का स्थानीय परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया गया.
स्मृति भवन में प्रतिमा पर माल्यार्पण, जीवनी से हुए रूबरू:
प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने सबसे पहले कर्पूरीग्राम स्थित स्मृति भवन का दौरा किया. वहां उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद सभी अधिकारियों ने स्मृति भवन में संजोई गई जननायक की यादों को देखा और उनकी प्रेरक जीवनी को विस्तार से जाना कि कैसे एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने राजनीति के शीर्ष मुकाम को छुआ.

स्थानीय लोगों से किया संवाद, मिथिला परंपरा से हुए सम्मानित:
भ्रमण के दौरान आईएएस राजकृष्ण झा, फरखंदा कुरैशी, कुमुद मिश्रा, कल्पना रावत, अंकुर त्रिपाठी, सौरभ सिन्हा, दीपक कुमार, अमित मीणा, केतन शुक्ला, नीलेश गोयल और प्रिंस राज ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की. अधिकारियों ने जननायक के सामाजिक योगदान और उनके दौर के किस्सों को सुना.

मौके पर मौजूद जगनारायण शर्मा, नित्यानंद ठाकुर और डॉ. राजेंद्र प्रसाद भगत सहित अन्य ग्रामीणों ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुसार पाग-चादर देकर सम्मानित किया.



