गोपालगंज में उपनयन संस्कार कार्यक्रम के दौरान हथियार प्रदर्शन को ले JDU विधायक अनंत सिंह समेत 9 पर FIR दर्ज

गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित उपनयन कार्यक्रम के दौरान अश्लील नृत्य और हथियार प्रदर्शन के वायरल वीडियो मामले में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह समेत नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 2 और 3 मई को सेमराव गांव में गुड्डू राय के आवास पर आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम में कुछ लोगों द्वारा अवैध व लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया था और अश्लील नृत्य कराया गया था। मीरगंज पुलिस के अलावा साइबर सेल भी इस मामले में जांच में जुट गई है। दरअसल बीते 2 और 3 अप्रैल को अनंत सिंह अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ मीरगंज के सेमराव गांव में आए थे। यहां पर गुड्डू राय के आवास पर उपनयन संस्कार (जनेऊ) का कार्यक्रम था।
इसी कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों के ठहरने और खाने की भव्य व्यवस्था की गई थी। इस कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हुआ। इस वायरल वीडियो में अनंत सिंह अपने अन्य समर्थकों के साथ एक बड़े से हाल में आर्केस्ट्रा गर्ल्स का डांस देख रहे हैं। यहां पर अश्लीलता परोसी जा रही है। इसके अलावा इसी दौरान एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें अनंत सिंह के दर्जनों समर्थक अपने हाथों में अवैध और लाइसेंसी हथियार लेकर डांस करते हुए नजर आ रहे है। वे भोजपुरी गाने पर हाथों में हथियार लेकर डांस कर रहे थे। हथियारों के प्रदर्शन के साथ इस डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। अब इस वायरल वीडियो के आधार पर गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिन 9 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है। उसमें मुख्य रूप से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, आयोजक गुड्डू राय, गुंजन राय सहित आधा दर्जन और लोग नामजद हैं। जबकि और लोगों की पहचान करने का दावा किया जा रहा है। गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने बताया कि उपनयन संस्कार का आयोजन 2 और 3 अप्रैल को किया गया था। उसमें नर्तकियों से डांस कराया गया अश्लीलता परोसी गई। इसके साथ ही अवैध, प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियार लहराए गए। जिसको लेकर यह कार्रवाई की जा रही है।

एसपी विनय तिवारी ने बताया कि किसी भी तरह के हथियार का प्रदर्शन करना, सरेआम अश्लीलता परोसन, इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसार करना गैर कानूनी है। जिसको लेकर पुलिस काफी सख्त है। और इसी मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। मीरगंज थाना में 247/26 एफआईआर नंबर है। जिसमें नौ लोगों का नामजद किया गया है और अन्य शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें भी नामजद करने की बात कही गई है।

बता दें कि इसके पहले गोपालगंज के कुचायकोट के ही दबंग और बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे के ऊपर भी कुचायकोट थाने में एक माह पूर्व नामजद एफआईआर दर्ज किया गया है। उनके ऊपर आरोप है कि उनके समर्थक विधायक के संरक्षण पर अवैध तरीके से जमीन का कब्जा करते हैं और भू-माफियाओं के द्वारा इस जमीन की खरीद बिक्री की जाती है। गोपालगंज जिले में अब तक जदयू के दो बाहुबली विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।



