नीतीश के पुत्र निशांत ने ठुकराया पद! अब ये दो चेहरे बनेंगे बिहार के डिप्टी सीएम

बिहार में नई सरकार अस्तित्व में आ रही है। सीएम के रूप में सम्राट चौधरी का नाम फाइनल हो चुका है। 15 अप्रैल को वे लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। लोकभवन में इसकी तैयारी शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम बनने के लिए नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का नाम बढ़ाया जा रहा था, हालांकि काफी मान-मनौव्वल के बाद भी उन्होंने पद लेने से इनकार कर दिया।
विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव बनेंगे डिप्टी सीएम
अब समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा सीट से विधायक चुने गए नीतीश कुमार के बेहद करीबी मंत्री विजय कुमार चौधरी और जदयू के सीनियर लीडर सुपौल विधायक बिजेंद्र प्रसाद यादव का नाम सामने आया है। ये दोनों डिप्टी सीएम होंगे। बताया गया है कि सम्राट चौधरी के साथ ये दोनों लोकभवन में शपथ लेंगे। बाद में मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा।


इस बीच नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया है। वे पहली बार सात दिनों के लिए मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2005 में ऐसी वापसी की कि लगातार इस कुर्सी पर काबिज रहे। बीच में कुछ महीने जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री पद की कुर्सी संभाली थी। अब बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी जदयू की ओर से दो डिप्टी सीएम होंगे। 15 अप्रैल को बिहार में नई सरकार अस्तित्व में आ जाएगी। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि मंत्रिमंडल में कौन-कौन नेता शामिल होते हैं। समझा जा रहा है कि वर्तमान सरकार के मंत्री दोहराए जाएंगे। कुछ नए चेहरे भी आएंगे।






