समस्तीपुर जिला कल्याण पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से निलंबित, मंत्री के औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्था की पोल

समस्तीपुर : बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर के जिला कल्याण पदाधिकारी प्रसून परिमल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता का आरोप लगाया गया है। यह कार्रवाई विभागीय मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन द्वारा बुधवार को किए गए औचक निरीक्षण के बाद सामने आई गंभीर अनियमितताओं की रिपोर्ट के आधार पर की गई। मंत्री ने सरायरंजन स्थित डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, हरपुर एलौथ स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर 10+2 आवासीय बालिका विद्यालय तथा काशीपुर स्थित छात्रावास संख्या-02 का निरीक्षण किया था।
समस्तीपुर जिला कल्याण पदाधिकारी प्रसून परिमल तत्काल प्रभाव से निलंबित
मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन के औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्था की पोल
बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई
यह कार्रवाई मंत्री द्वारा डॉ. अंबेडकर कल्याण… pic.twitter.com/lQRXTGLKu0
— Samastipur Town (@samastipurtown) March 19, 2026
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। विद्यालयों एवं छात्रावासों में छात्रों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई। सुरक्षा गार्डों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान किए जाने का मामला भी सामने आया। इसके अलावा छात्रों को समय पर पोशाक उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत भी मिली। शैक्षणिक व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान कक्षा-3 के छात्र साधारण गणित के प्रश्नों का उत्तर नहीं दे सके। वहीं छात्रावासों में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति तथा मरम्मत कार्यों में लापरवाही भी सामने आई।

इन गंभीर अनियमितताओं तथा विभागीय निर्देशों की अवहेलना को देखते हुए विभाग ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के नियम-9(1)(क) के तहत उन्हें निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्णय लिया है। निलंबन अवधि के दौरान प्रसून परिमल का मुख्यालय उप निदेशक कल्याण कार्यालय, दरभंगा प्रमंडल निर्धारित किया गया है।






