समस्तीपुर जिले में ‘बिहार दिवस’ के भव्य आयोजन को लेकर DM ने की तैयारियों की समीक्षा

समस्तीपुर : कलेक्ट्रेट सभागार समस्तीपुर में डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आगामी बिहार दिवस 2026 के सफल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में गत वर्ष की कार्यवाहियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। इसके आधार पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इस अवसर पर डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया ताकि बिहार दिवस 2026 के अवसर पर जिले की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन हो सके।
समस्तीपुर जिले में 'बिहार दिवस' के भव्य आयोजन को लेकर DM ने की तैयारियों की समीक्षा#Samastipur #DistrictAdministration pic.twitter.com/pHBVrsOfW5
— Samastipur Town (@samastipurtown) March 7, 2026
डीएम द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि बिहार दिवस के अवसर पर गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सुबह 07:00 बजे भव्य प्रभात फेरी निकाली जाए। इसमें स्कूली बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक रूट चार्ट एवं अन्य तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने का आदेश दिया गया। वहीं, जिला खेल पदाधिकारी को जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को पेंटिंग (चित्रकला) एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्देशित किया गया, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके।


डीएम ने सभी अनुमंडलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बिहार दिवस के कार्यक्रम केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें। सभी प्रखंडों में खेल, चित्रकला एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। उत्सव के उल्लास को प्रदर्शित करने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय भवनों को नीली रोशनी से सुसज्जित करने का निर्देश दिया गया है। डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, एडीएम राजस्व ब्रजेश कुमार, एडीएम आपदा राजेश सिंह, दिलीप कुमार आदि थे।







