मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया वैशाली का शैक्षिक भ्रमण
समस्तीपुर/उजियारपुर : उजियारपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों द्वारा सत्र 2025-26 में “मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना” के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को बिहार के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का शैक्षिक परिभ्रमण कराया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।
इसी क्रम में मध्य विद्यालय मुरियारो, मध्य विद्यालय निकसपुर, हाई स्कूल मुरियारो तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय डढ़िया मुरियारो के लगभग 100 छात्र-छात्राओं की टीम ने विश्व के प्रथम गणराज्य वैशाली का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने यहां स्थित भगवान महावीर की जन्मस्थली, विश्व शांति स्तूप, वैशाली, अशोक स्तंभ, वैशाली, वैशाली संग्रहालय तथा बुद्ध से संबंधित ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया।
उजियारपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय मुरियारो, मध्य विद्यालय निकसपुर, हाई स्कूल मुरियारो सहित विभिन्न विद्यालयों द्वारा सत्र 2025-26 में "मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना अंतर्गत बच्चों को बिहार के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया।#Samastipur #Ujiyarpur pic.twitter.com/QTfZAudLhE
— Samastipur Town (@samastipurtown) February 21, 2026
परिभ्रमण के दौरान प्रधानाध्यापक तेज नारायण महतो एवं सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में शिक्षक सुधाकर महतो और जयंत दीक्षित ने बच्चों का सफल नेतृत्व किया। इस शैक्षिक यात्रा में मध्य विद्यालय मुरियारो के 45 एवं हाई स्कूल मुरियारो के 45 छात्र-छात्राएं सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे।
बच्चों ने बताया कि ऐतिहासिक स्थलों को नजदीक से देखना उनके लिए किसी सपने के साकार होने जैसा अनुभव रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री बिहार सरकार एवं विद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से उनके ज्ञान में वृद्धि होती है और इतिहास को समझने का बेहतर अवसर मिलता है।शिक्षकों ने कहा कि शैक्षिक परिभ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे विद्यार्थियों में ऐतिहासिक चेतना, सामाजिक समझ और आत्मविश्वास का विकास होता है।

