समस्तीपुर मंडल कारा में विचाराधीन कैदी के पास से मोबाइल बरामद, मुफस्सिल थाने में FIR दर्ज

समस्तीपुर : मंडल कारा में तलाशी अभियान के दौरान एक विचाराधीन कैदी के पास से छोटा मोबाइल फोन और डाटा केबल बरामद होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में जेल प्रशासन की शिकायत पर मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन द्वारा सूचना मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मोबाइल जेल के अंदर तक कैसे पहुंचा और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित कैदी को कोर्ट में पेशी के बाद वापस मंडल कारा लाया गया था। नियमानुसार प्रवेश से पूर्व उसकी तलाशी ली गई। इसी दौरान उसके पास से एक बेहद छोटा मोबाइल फोन और डाटा केबल बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैदी प्रशासन की नजरों से बचाकर मोबाइल अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा था।

धराया गया कैदी जितवारपुर निवासी अंकित कुमार है, जो मुफस्सिल थाना के एक कांड में विचाराधीन है। जेल प्रशासन ने बरामद मोबाइल की फोटोग्राफी कर उसे जब्त कर लिया है।

प्रभारी उपाधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान कैदी ने स्वीकार किया है कि कोर्ट में पेशी के दौरान उसके भाई विकास ने उसे मोबाइल और डाटा केबल उपलब्ध कराई थी। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी मुफस्सिल पुलिस को दी गई। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कारवाई की जा रही है।




