समस्तीपुर में दो लोगों को बदमाशों ने मारी गोली, भीड़ ने एक बदमाश को पीट-पीट कर मार डाला, जानें क्या है पूरा मामला

समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में बड़ी घटना हुई है। यहां दो लोगों को गोली मारकर भाग रहे बदमाशों में से एक बदमाश भीड़ की हत्थे चढ़ गया। भीड़ ने इस बदमाश को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। दलसिंहसराय में शहर के अनुमंडल अस्पताल रोड स्थित इंडियन बैंक के समीप बुधवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह फायरिंग कर एक युवक और राहगीर महिला को गोली मार दी। वारदात के बाद आक्रोशित भीड़ ने भाग रहे बदमाशों में से एक को दबोचकर बेरहमी से पिटाई कर दी।
गंभीर हालत में पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव के बीच भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। देर रात घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूर्व के मुकदमे में गोली मारने की बात सामने आ रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, बेलबन्ना निवासी पप्पू पासवान बाइक से जा रहा था, तभी दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों से उसकी बहस हो गई।

विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पप्पू के सीने में एक और पीठ में तीन से चार गोलियां लगी हैं। उसे नाजुक हालत में रेफर किया गया है। वहीं, पास से गुजर रही अस्पताल रोड निवासी रमेश साह की पत्नी रेखा देवी की बांह में एक गोली लगी है। उनका इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में हो रहा है। फायरिंग के बाद भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों में से एक, लोकनाथपुर गंज निवासी सन्नी कुमार (24 वर्ष) को भीड़ ने पकड़ लिया। उसके 2-3 साथी बाइक छोड़कर फरार हो गए। उग्र भीड़ ने सन्नी की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में जख्मी सन्नी ने दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल से पुलिस ने चार खोखे बरामद किए हैं। साक्ष्य एकत्रित करने के लिए पटना से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। डीएसपी ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गंज मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

देर रात घटनास्थल पहुंचे एसपी, बोले- पूर्व के मुकदमे में दबाव बनाने को मारी गोली
शहर के गंज मोहल्ला स्थित अस्पताल रोड में बुधवार शाम हुई गोलीबारी की घटना के बाद एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने देर रात स्वयं मोर्चा संभाला। एसपी ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और इसके बाद जख्मियों के मोहल्ले में जाकर स्थानीय लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पूर्व के मुकदमे को लेकर दबाव बनाने को लेकर गोली मारने की बात सामने आयी है। घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी कर रही है। प्राप्त वीडियो से इस बात की संभावना है कि दो के अलावा अन्य बदमाश भी घटना में शामिल हो सकते हैं।
यहां देखें SP ने क्या कुछ कहा :
यहां देखें जख्मी महिला ने क्या कुछ कहा :
#BREAKING :
अभी-अभी दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर गंज में बदमाशों ने महिला समेत दो को मारी गोली, जख्मी हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती। इधर गोली चलाकर भाग रहे एक बदमाश को भी आक्रोशित भीड़ ने पीट-पीटकर किया अधमरा, मरनासन स्थिति में बदमाश घटनास्थल पर ही पड़ा है बदमाश,… pic.twitter.com/KqnWVcdvIC— Samastipur Town (@samastipurtown) February 11, 2026




