समस्तीपुर जिले के मोरवा से गुजरेगी पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे, ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन के बाद एक और बड़ी सौगात

समस्तीपुर : ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन सड़क के बाद मोरवा प्रखंड क्षेत्र से एक एक्सप्रेस वे गुजारने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। बताया जाता है कि प्रखंड क्षेत्र से पटना पूर्णिया एक्सप्रेस वे गुजरेगी। प्रस्तावित एक्सप्रेस वे प्रखंड क्षेत्र के लड़ुआ, हरपुर भिंडी, सारंगपुर से गुजरते हुए सरायरंजन की सीमा में प्रवेश करेगी। वहीं वैशाली जिले से इसका कनेक्टिविटी होगा। इस आशय की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं भूमि माफिया एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं।
विदित हो कि फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य अभी प्रखंड क्षेत्र में चल ही रहा है कि एक बड़ी सौगात क्षेत्र के लोगों को मिली है। पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस वे के बन जाने से क्षेत्र की सूरत बदल जाएगी। विभागीय अधिकारी की मानें तो इसके लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है और अब भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू की जाएगी। बताते चलें कि ताजपुर बख्तियारपुर फोरलेन सड़क के निर्माण के दौरान बड़े पैमाने पर धांधली की शिकायत सामने आई थी। जमीन वाले मुंह देखते रह गए थे और माफिया जमीन का पैसा लेकर रफू चक्कर हो गए थे। लेकिन प्रशासन इस बार पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है।

बताया जाता है कि वास्तविक किसान के कागजात के छानबीन के बाद ही अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस बाबत अंचल अधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके के साथ संपन्न कराई जाएगी। एक्सप्रेस वे के निर्माण हो जाने से क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत होगा। भागलपुर और पूर्णिया से पटना की सीधी कनेक्टिविटी होगी जिससे कि क्षेत्र का विकास काफी तेजी से होगा।






