बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए बाल दिवस पर श्री राम चन्द्र सेवा ट्रस्ट के द्वारा मिला उपहार

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर: बाल दिवस के मौके पर श्री राम चन्द्र सेवा ट्रस्ट ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस अवसर पर एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य जांच, इलाज और परामर्श प्रदान किया गया। इसके अलावा, बच्चों को शैक्षिक सामग्री जैसे कॉपी, पेंसिल और कलम वितरित किए गए, ताकि वे शिक्षा की ओर और अधिक प्रेरित हों।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के संस्थापक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बच्चों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, बच्चे देश का भविष्य हैं, और उनका स्वास्थ्य और शिक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री राम चन्द्र सेवा ट्रस्ट हमेशा समाज के उत्थान और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में एमएसकेजी कॉलेज समस्तीपुर के प्राचार्य राजन सिंह ने भी शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, शिक्षा सबसे बड़ा धन है। यह न केवल जीवन को सशक्त बनाती है, बल्कि हमें सही दिशा में मार्गदर्शन भी देती है। बच्चों को अपने अधिकारों का सही उपयोग करना चाहिए और शिक्षा में कोई कमी नहीं रखनी चाहिए।इसके बाद, यूएमएस, स्कूल अकबरपुर के एच. एम. जाकिया खान ने कहा, बच्चों को सही दिशा में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए ताकि वे जीवन में सफलता हासिल कर सकें।

आज का यह कार्यक्रम बच्चों के लिए प्रेरणादायक है, क्योंकि शिक्षा ही एकमात्र माध्यम है जो बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देता है। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इस कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षक, समाजसेवी और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, और इस दिन को एक यादगार अनुभव के रूप में मनाया।

बाल दिवस के इस आयोजन ने बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा की, साथ ही उन्हें शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया। इस आयोजन ने बच्चों के मन में सकारात्मक दृष्टिकोण और जीवन के प्रति एक नई प्रेरणा जागृत की। इस मौके पर विजय कुमार सिंह, कृष्ण मुरारी, विजय कुमार प्रभाकर, ज्योति सिंह, राधेश्याम दास, विकास कुमार, शुभम कुमार और नीतीश कुमार आदि उपस्थित रहे।



