बदमाशों ने दाना लदा पिकअप लूटा, समस्तीपुर पुलिस ने दिखाई त्वरित सक्रियता तो गाड़ी छोड़ बदमाश हुए फरार
यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर/पूसा :- समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर जानघाट के निकट दाना लदा एक मालवाहक पिकअप बदमाशों ने शुक्रवार की रात लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर जिससे बदमाश बथुआ गांव के निकट वाहन छोड़ भाग निकले। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे समस्तीपुर की ओर से एक पिकअप मालवाहक मुर्गीदाना लेकर पूसा की ओर आ रहा था। उसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाशो ने चालक की पिटाई कर वाहन लूट लिया।
उसके बाद बदमाश वाहन लेकर पूसा के गढ़िया दिघरा की ओर भाग निकले। बदमाशों के वाहन लेकर भागने के बाद पिकअप चालक भाग कर हरपुर चौक पहुंचा। जहां मौजूद लोगों की सहायता से घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और पिकअप चालक से पूछताछ के बाद लूटे गये वाहन में लगे जीपीएस के आधार पर वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस को लूटे गये वाहन का पीछा करते देख बदमाश बथुआ में पिकअप छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मिली जानकारी के अनुसार मालवाहक पिकअप समस्तीपुर स्थित दाना फैक्ट्री से मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड स्थित पटसारा गांव जा रहा था।

