CSP संचालक से लूट मामले में तीन अज्ञात बदमाशों पर FIR दर्ज, अपने ही गोली से जख्मी एक बदमाश की अस्पताल में मौत

यहां क्लिक कर हमसे व्हाट्सएप पर जुड़े
समस्तीपुर/कल्याणपुर :- कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसेपुर गांव में गोली मार सीएसपी संचालक को लूटने के मामले में कल्याणपुर थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। सीएसपी संचालक विकास कुमार के आवेदन पर दर्ज की गयी प्राथमिकी में तीन अज्ञात बदमाशों को आरोपी बनाया गया है। वासुदेवपुर गांव निवासी श्रीनारायण झा के पुत्र व सीएसपी संचालक विकास कुमार ने आवेदन में कहा है कि मंगलवार शाम वह सीएसपी बंद कर बाइक से अपने घर बासुदेवपुर जा रहे थे।
उसी दौरान मूसेपुर गांव में सुनसान जगह पर तीन बदमाशों ने घेरकर करीब 50 हजार रुपए लूट लिया। विरोध करने पर फायरिंग की जिसमें से एक गोली सीना को छूते हुए निकल गई और वहीं दूसरी गोली से बदमाशों का ही एक साथी दीपक कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के क्रम में दीपक की पटना में मौत हो गई। वहीं मामले को लेकर प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना अध्यक्ष नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

लूट के दौरान अपने ही गोली से जख्मी बदमाश की मौत :
कल्याणपुर थाना के मूसेपुर गांव में सीएसपी संचालक को लूटने के दौरान चलाई गई गोली से जख्मी हुए लुटेरों के साथी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। उसे बीती रात इलाज के लिए पटना ले जाया गया था। जहां उसकी मौत हुई। मृतक दीपक कुमार मूसेपुर गांव के ही हरिनन्दन यादव का पुत्र था। विदित हो कि मंगलवार शाम सीएसपी बंद कर बासुदेवपुर गांव स्थित आने घर जा रहे सीएसपी संचालक विकास कुमार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने घेर कर लूटा था।

इस क्रम में विरोध करने पर बदमाशों ने तीन गोली चलाई थी। एक गोली सीएसपी संचालक के शरीर को छूते हुए निकल गयी थी जबकि दूसरी गोली लूट में शामिल दीपक के पेट मे लग गयी थी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से रेफर होने के बाद परिजन पटना ले गए थे। बताया गया है कि बुधवार को इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया।






