समस्तीपुर में BJP नेता की हत्या पर भड़के सम्राट चौधरी, बिहार में अब गुंडों की सरकार, नेतृत्वकर्त्ता ही बोलते हैं गुंडों वाली बोली

व्हाट्सएप पर हमसे जुड़े
बिहार विधान परिषद में विरोधी दल के नेता सम्राट चौधरी ने नीतीश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि बिहार में अब गुंडों की सरकार है. नेतृत्वकर्त्ता ही गुंडों वाली बोली बोल रहे हैं. इससे बड़ा दुर्भाग्य बिहार का क्या होगा. समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता सह स्वर्ण व्यवसायी रघुवीर स्वर्णकार की पिछली रात गोली मारकर हत्या होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि राज्य में किस कदर गुंडे हावी हैं. महागठबंधन सरकार बनने के बाद से ही राज्य में ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है.
उन्होंने कहा कि अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए राजद के नेता सीबीआई और ईडी का गलत इस्तेमाल होने का आरोप लगा रहे हैं. लालू यादव को चारा घोटाले में सबसे पहली बार 1996 में जब सीबीआई ने जेल भेजा था उस समय केंद्र में देवेगौड़ा की सरकार थी. लालू भी उसी पार्टी के सदस्य थे. ऐसे में भाजपा पर सीबीआई का दुरूपयोग करने का आरोप लगाना पूरी तरह बेबुनियाद है.

सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव के खिलाफ जदयू नेता ललन सिंह और मौजूदा समय में राजद में शामिल शिवानंद तिवारी ने ही सीबीआई को दस्तावेज उपलब्ध कराया था. भाजपा सांसद सुशील मोदी उसी की याद दिला रहे हैं. ललन और तिवारी के दस्तावेज के कारण ही लालू यादव के चारा घोटाले का राज खुला और वे जेल गए. ऐसे में भाजपा पर किसी केंद्रीय एजेंसी का दुरूपयोग का आरोप लगाना हैरान करता है.
उन्होंने कहा कि यह मामला तो तब से चल रहा है जब वे लोग हाफ-पेंट पहनते थे. इसके पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने पीएम मोदी के मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना. उन्होंने कहा कि यह बेहद प्रेरणादायक रहा.
दुकान बंद कर घर लौटने के क्रम में हत्या :
घटना उस समय हुई जब रघुवीर अपनी दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे थे। दूसरे जख्मी व्यक्ति की पहचान दिलीप कुमार के रूप में की गई है जो उनका कर्मी बताया जा रहा है। घटना के संबंध में बताया गया है कि स्वर्ण व्यवसाई रघुवीर बीते देर शाम करीब 8 बजे अपनी दुकान बंद कर वापस लौट रहे थे इसी दौरान सिरोपट्टी गांव के पास पूर्व से घात लगाए बाइक पर सवार तीन चार की संख्या में बदमाशों ने उन्हें रोका। बदमाश उनके साथ लूटपाट करना चाहा। बताया जा रहा है कि उन्होंने लूटपाट का प्रतिरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ उन पर गोली चला दी। हालांकि लूटपाट की घटना हुई या नहीं हुई इसकी कोई अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश इलमासनगर की ओर फरार हो गए। गोली की आवाज पर जुटे लोगों ने स्वर्ण व्यवसाई को सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं जख्मी दिलीप का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। मुख्यालय एएसपी अमित कुमार ने बताया कि परिजनों की मांग पर खानपुर थाना अध्यक्ष को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं हत्या में शामिल सभी अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी। जल्द ही मामले का खुलासा भी कर दिया जाएगा।





