समस्तीपुर : शिक्षा, रोजगार, महंगाई और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर भाकपा माले समर्थित दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी विधान परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं। गुरुवार को शहर के मालगोदाम चौक स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में माले विधायक संदीप सौरभ ने मतदाताओं से संदीप कुमार चौधरी को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की।
विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि देश में युवा शिक्षा, रोजगार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इन्हीं सवालों को भाकपा माले ने चुनावी मुद्दा बनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा में सुधार के दावे करती है, लेकिन बिहार में इंटर के बाद बड़ी संख्या में छात्रों को डिग्री कॉलेजों में नामांकन नहीं मिल पाता है। पीजी की पढ़ाई भी चुनिंदा कॉलेजों तक सीमित है। इसके कारण कई छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाए। कहा कि कई शिक्षण संस्थानों में पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। वित्त रहित कॉलेजों के शिक्षकों को कम मानदेय मिल रहा है, जबकि नियोजित शिक्षक भी कई सुविधाओं से वंचित हैं। इसके बावजूद सरकार संविदा पर बहाली कर रही है।
उम्मीदवार संदीप कुमार चौधरी ने कहा कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बड़ा है और मतदाता बनने की प्रक्रिया जटिल है। वे लंबे समय से ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्रहित के सवालों को लेकर संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में छात्र-युवा शिक्षा, रोजगार, महंगाई, स्कूल-कॉलेजों में आधारभूत संरचना की कमी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार घोषणाओं के बावजूद रिक्त पदों पर बहाली करने से पीछे हट रही है। छात्रों को अपनी पसंद के विषयों में नामांकन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने वकालत से जुड़े बुनियादी संसाधनों की कमी का भी मुद्दा उठाया। चौधरी ने मतदाताओं से अपील की कि वे शिक्षा और रोजगार सहित जनहित के सवालों पर चुनाव लड़ रहे भाकपा माले समर्थित उम्मीदवार को प्रथम वरीयता का मत देकर विजयी बनाएं। विधायक संदीप सौरभ ने कहा कि यह चुनाव सरकार बनाने या गिराने के लिए नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को उठाने के लिए लड़ा जा रहा है। प्रेसवार्ता में भाकपा माले के जिला सचिव प्रो. उमेश कुमार, चुनाव प्रभारी सुनील कुमार, ललन कुमार और सुरेंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।
समस्तीपुर : दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को लेकर जिला परिवहन विभाग ने सड़क…
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर और जमुई की घटना पर सवाल उठाना बक्सर से…
बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की भूमिका एक बार फिर चर्चा में…
फाइल फोटो (DIG मिथिलेश तिवारी) समस्तीपुर : दुर्गा पूजा, विजयादशमी और अन्य त्योहारों के दौरान…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने…
समस्तीपुर : आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुये रेलवे ने…