Samastipur

जेल से निकलते ही फिर अपराध की दुनिया में सक्रिय हुआ था कुख्यात मनीष सिंह, पुलिस की गोली लगने से घुटने के नीचे की हड्डी हुई चूर-चूर 

समस्तीपुर : करीब चार महीने पहले जेल से बाहर आने के बाद कुख्यात अपराधी मनीष सिंह एक बार फिर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। पिछले सप्ताह मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई 1.49 लाख रुपये की लूट के मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान गुरुवार की शाम मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर हाईस्कूल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मनीष सिंह के दाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई।

पुलिस ने मौके से उसके एक साथी दिलीप राय को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य बदमाश अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। जख्मी मनीष सिंह अभी सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में इलाजरत है। बताया गया है कि गोली उसके पैर की हड्डी को तोड़ते हुए बाहर निकल गई है। घुटने के नीचे की हड्डी टूटने के कारण उसका इलाज चल रहा है। सूजन आने के कारण उसके पैर की स्थिति फिलहाल ठीक नहीं है। पुलिस अभिरक्षा में उसका बेहतर उपचार कराया जा रहा है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम करीब 7:30 बजे मनीष सिंह अपने साथियों के साथ गंगापुर हाईस्कूल के पास जुटा था। इसी दौरान पुलिस को इसकी भनक लग गई। सूचना के आधार पर मुसरीघरारी थाना, एसटीएफ और डीआईयू की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही मनीष सिंह भागने लगा और झाड़ियों की आड़ से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में एक राउंड फायरिंग की।

पुलिस की गोली मनीष सिंह के दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं उसके एक अन्य साथी दिलीप राय को गिरफ्तार कर लिया। दिलीप राय ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा मोहनपुर निवासी रामप्रीत राय का पुत्र है। पुलिस उसके भी अपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।

बारिश के बीच पुलिस व अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ : 

घटना के समय बारिश हो रही थी। इस कारण आसपास के लोग अपने-अपने घरों में थे। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ की जानकारी तत्काल आसपास के लोगों को नहीं मिल सकी। हालांकि, इलाके में लगातार पुलिस की गतिविधियां देखकर लोगों को किसी घटना के होने का अंदाजा हुआ। बाद में पुलिस की कार्रवाई और जख्मी अपराधी को अस्पताल ले जाए जाने की जानकारी सामने आई।

फ्लिपकार्ट लूटकांड में शामिल थे सभी बदमाश :

एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में पिछले सप्ताह हुई 1.49 लाख रुपये की लूट के मामले में संदिग्ध बदमाशों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में गंगापुर हाईस्कूल के पास छापेमारी की गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जबावी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। घटनास्थल से फरार हुए तीन अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से एक मैगजीन सहित पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, कई खोखे, गोली का अग्रभाग, दो मोबाइल फोन और एक काले रंग की मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी है।

कई जिलों में दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक मामले :

कुख्यात मनीष सिंह समस्तीपुर के साथ मुजफ्फरपुर, वैशाली और नालंदा समेत अन्य जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, छिनतई, चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं। वह पूर्व में पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में भी शामिल रह चुका है। बताया जाता है कि वह पिछले आठ से नौ वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। करीब चार महीने पहले जेल से निकलने के बाद एक बार फिर उसके आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होने की बात सामने आई है। सदर एसडीपीओ-1 सतीश सुमन ने बताया कि मुठभेड़ में जख्मी मनीष सिंह का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसका एक साथी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटनास्थल से फरार हुए तीन अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी बदमाश हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई लूट की घटना में शामिल थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Avinash Roy

Recent Posts

एजेंसी और ठेका प्रथा खत्म कर श्रमिकों को स्थायी करे विश्वविद्यालय प्रशासन, भाकपा-माले की दोटूक

समस्तीपुर : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा में वर्षों से निरंतर कार्यरत सैकड़ों…

2 घंटे ago

स्कूल जाने के दौरान शिक्षक पर फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपितों को पुलिस ने दबोचा

समस्तीपुर/अंगारघाट : अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गांव अंतर्गत दशर्जा चौर में विगत दिनों गावपुर…

2 घंटे ago

समस्तीपुर: ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की दैनिक उपस्थिति की मॉनिटरिंग सख्त, दो दिनों में मांगी गई रिपोर्ट

समस्तीपुर : शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी कार्यरत शिक्षकों की दैनिक उपस्थिति की मॉनिटरिंग…

2 घंटे ago

जितवारपुर में बंद घर का ताला तोड़कर गंडक प्रोजेक्ट के बड़ा बाबू के घर भारी मात्रा में आभूषण व नगद की चोरी

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पेपर मिल कैंपस में चोरों ने एक बंद घर…

3 घंटे ago

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 40 प्रत्याशियों में छठे स्थान पर रहे समस्तीपुर के डॉ. धर्मांश रंजन, मतदाताओं के प्रति जताया आभार

समस्तीपुर : दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद के चुनाव में प्रत्याशी रहे…

11 घंटे ago

समस्तीपुर में पंच पति की ह’*त्या से सनसनी, पुरानी रंजिश या विवाद? जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर : समस्तीपुर में अपराधियों ने एक ग्राम कचहरी सदस्य के पति की गोली मारकर…

12 घंटे ago