समस्तीपुर : बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार को समस्तीपुर जिले में मतदान होगा। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 58 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 34 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 24 केंद्र शामिल हैं।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 34,515, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2,426 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
गुरुवार को मतदान की तैयारियों के तहत लाॅ काॅलेज परिसर स्थित सामग्री वितरण केंद्र से मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री उपलब्ध कराई गई। आवश्यक सामग्री प्राप्त करने के बाद पोलिंग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं। वहीं, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों के आवागमन के लिए पटेल मैदान से करीब 100 छोटे-बड़े वाहनों को रवाना किया गया। वाहनों की व्यवस्था जिला परिवहन विभाग के वाहन कोषांग की ओर से की गई थी।
मतदान कर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों की रवानगी से पहले डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान संपन्न कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है। ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान निर्धारित वैध दस्तावेजों के आधार पर सुनिश्चित करने और आदर्श आचार संहिता का पालन कराने को भी कहा गया।
वहीं, एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। प्रशासन ने मतदान कर्मियों को किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने को कहा है। जिला प्रशासन के अनुसार मतदान के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ चुनाव प्रक्रिया पर भी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
समस्तीपुर : कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के बेला पचरूखी गांव में दुर्गा पूजा के मेले के…
समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले की पुलिस व्यवस्था में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।…
बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है.…
समस्तीपुर : जिले में एससी-एसटी थाना करीब डेढ़ वर्षों से एक छोटे से 10×12 कमरे…
जापान में एशियन पैरा गेम्स के दौरान भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख गंभीर…
समस्तीपुर : जिले में अब मरीजों को सरकारी या निजी एंबुलेंस चुनने का विकल्प मिल…