समस्तीपुर : कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में गुरुवार की दोपहर मिलावटी मसाला तैयार किए जाने की शिकायत पर प्रशासन की टीम ने एक मसाला उद्योग में छापेमारी की। सदर एसडीओ राकेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान दो गोदामों में रखे चूड़ा, धान-चावल की भूसी और सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाले लाल रंग, कंकर समेत कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। मौके पर दो मशीनें चालू अवस्था में मिलीं, जिनसे मसाला पीसा जा रहा था।
कार्रवाई के बाद प्रशासन ने दो गोदाम और एक मिल को सील कर दिया। वहीं, बरामद मसालों के नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सदर एसडीओ राकेश कुमार के अनुसार, पर्व-त्योहार के दौरान बाजार में मसालों की मांग बढ़ने के मद्देनजर मिलावटी मसालों को खपाने की तैयारी थी। छापेमारी की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए। हालांकि, एक मजदूर मौके पर मिला, जिससे अधिकारियों ने पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। प्रशासन की टीम ने परिसर में रखे मसालों और अन्य सामग्रियों की जांच की तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए गोदामों और मिल को सील कर दिया।
मसाला उद्योग के संचालकों की पहचान स्थानीय निवासी विनोद गुप्ता और विजय गुप्ता के रूप में की गई है। एसडीओ ने मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध मिलावटी मसाला बरामद होने की जानकारी दी है। इसके अलावा गोदामों में रखी अन्य सामग्रियों को भी जब्त कर सील करने की कार्रवाई की गई। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मसालों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। लैब जांच में यह स्पष्ट हो सकेगा कि मसालों में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गा पूजा, दिपावली व छठ समेत अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान बाजारों में मसालों और खाद्य सामग्री की मांग बढ़ जाती है। इसी अवधि में मिलावटी मसालों की बिक्री की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई को गंभीरता से लिया है। एसडीओ का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट लोगों की सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकती है। ऐसे में संदिग्ध खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में मिलावटी मसालों के कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी जांच और छापेमारी जारी रहेगी।
एसडीओ राकेश कुमार ने आम लोगों से बाजार से मसाले खरीदते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से पैकिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, निर्माता का विवरण और खाद्य सुरक्षा से संबंधित जानकारी देखकर ही मसाले खरीदने को कहा। खुले में बिकने वाले संदिग्ध मसालों की गुणवत्ता को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत मिलने पर प्रशासन को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बिरसिंहपुर में हुई छापेमारी के बाद जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। कार्रवाई के दौरान फूड इंस्पेक्टर रामा स्वामी वेंकेट रमन शर्मा, बीडीओ अरविंद कुमार, कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
समस्तीपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2027 में…
समस्तीपुर : उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर शंकर चौक के पास उत्पाद विभाग की टीम…
समस्तीपुर : दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को लेकर जिला परिवहन विभाग ने सड़क…
समस्तीपुर : शिक्षा, रोजगार, महंगाई और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर…
भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर और जमुई की घटना पर सवाल उठाना बक्सर से…
बिहार की राजनीति में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की भूमिका एक बार फिर चर्चा में…