Samastipur

मां का श्राद्ध कर रहे तीन मासूम पहुंचे समस्तीपुर SP के जनता दरबार, “बोले- पापा निर्दोष हैं”, उतरी पहने 12 वर्षीय शिवा बोला- “पुलिस ने पापा को फंसा दिया”

समस्तीपुर : मां की मौत का दर्द अभी आंखों से सूखा भी नहीं था कि तीन मासूम बच्चे अपने पिता को बचाने की गुहार लेकर सोमवार को एसपी के जनता दरबार पहुंच गए। मां का श्राद्ध कर्म चल रहा है। उसी श्राद्ध की उतरी पहने 12 वर्षीय शिवा कुमार, उसकी 11 वर्षीय बहन शिवानी कुमारी और 7 वर्षीय छोटा भाई ललित कुमार अपने वृद्ध दादा-दादी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। बच्चों की आंखों में मां को खोने का गम था, तो जुबान पर बस एक ही बात- हमारे पापा ने मां को नहीं मारा है। मामला खानपुर थाना क्षेत्र के कानू बिशनपुर पंचायत में 25 अगस्त की रात हुई मीना देवी की हत्या से जुड़ा है।

इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति अजीत पोद्दार को गिरफ्तार किया है। अजीत के तीनों मासूम बच्चे और उसके वृद्ध माता-पिता सोमवार को एसपी के जनता दरबार में पहुंचे और उसे निर्दोष बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। जनता दरबार में पहुंचे शिवा ने भावुक होकर कहा कि उसकी मां की हत्या उसके पिता ने नहीं की है। उसका आरोप है कि पुलिस ने साजिश के तहत उसके पिता को मामले में फंसा दिया है। वहीं, वृद्ध दादी प्रमीला देवी ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए बताया कि पड़ोसी अरविंद कुमार महतो का उनके घर पर अक्सर आना-जाना था। वह रात में घर आता और सुबह चला जाता था। अजीत मजदूरी के सिलसिले में दिल्ली रहता था और उसे अपनी पत्नी के इस अवैध संबंध में जानकारी नहीं थी।

वृद्ध प्रमीला पोद्दार के अनुसार, 25 अगस्त की रात मीना देवी के सीढ़ी से गिरने की बात उसकी पोती शिवानी ने बताई थी। इसके बाद अजीत और अन्य परिजनों ने मीना को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद खानपुर थाने की पुलिस ने मृतका के पति समेत तीन-चार लोगों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए थाना लाया था। पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ के दौरान अजीत पोद्दार ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की थी। पुलिस का दावा है कि प्रेम-प्रसंग के शक में अजीत ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

हालांकि, अब कहानी का दूसरा पक्ष सामने आया है। मां को खो चुके तीन छोटे-छोटे बच्चे और वृद्ध माता-पिता अपने घर के उस व्यक्ति को निर्दोष बता रहे हैं, जिसे पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। 12 वर्षीय शिवा की मासूम गुहार और वृद्ध दादा-दादी की आंखों में अपने बेटे को बचाने की उम्मीद इस पूरे मामले को एक अलग सवाल के सामने खड़ा करती है। फिलहाल मीना देवी की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, यह पुलिस के वैज्ञानिक अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया का विषय है। आरोपी पति के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस का कथन और परिजनों के दावे के बीच सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बहरहाल उतरी पहने 12 वर्षीय शिवा के एसपी के जनता दरबार में पहुंचने की चर्चा दिनभर चलती रही।

Avinash Roy

Recent Posts

कचरे में उठी चिंगारी से लगी आग में सिंघिया CHC में खड़ी दो एंबुलेंस जलकर राख

समस्तीपुर/सिंघिया : नगर पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में रविवार की देर रात…

14 घंटे ago

बूढ़ी गंडक नदी में मिला अज्ञात शव, स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस, गोताखोरों की मदद से नदी से निकाला गया शव

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी से सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति…

14 घंटे ago

दलसिंहसराय में पुलिस के कब्जे से महिलाओं ने आरोपी युवक को छुड़ाया, भीड़ ने टीम को घेरा; वीडियों हुआ वायरल

समस्तीपुर/दलसिंहसराय : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा गांव में सोमवार को वांछित…

14 घंटे ago

बिहार में शिक्षकों की 15 हजार रुपये तक बढ़ सकती है सैलेरी, जानिए 7वें वेतनमान का और क्या-क्या मिल सकता है फायदा

बिहार के लाखों शिक्षक इन दिनों 7वें वेतनमान का लाभ नहीं मिलने को लेकर परेशान…

22 घंटे ago

बिहार: ‘मेरी सहेली ही मेरी पत्नी है’, लड़की को लड़की से प्यार तो कर ली शादी, लेकिन अब मामला थाने में

बिहार में बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की शाम…

22 घंटे ago