Samastipur

59 वर्षों बाद समस्तीपुर को फिर मिला उपमुख्यमंत्री का प्रतिनिधित्व

समस्तीपुर : समस्तीपुर समाजवाद की धरती और भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मभूमि समस्तीपुर ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। 59 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस जिले से विजय कुमार चौधरी के रूप में दूसरा उपमुख्यमंत्री मिला है। यह उपलब्धि न केवल समस्तीपुर के लिए गौरव का विषय है, बल्कि इसे कर्पूरी ठाकुर की राजनीतिक विरासत की निरंतरता के रूप में भी देखा जा रहा है। कर्पूरी ठाकुर बिहार की राजनीति के ऐसे जननायक रहे, जिन्होंने सादगी, संघर्ष और सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा दी। वे 1967 में पहली बार उपमुख्यमंत्री बने और बाद में दो बार मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए अल्प समय में भी गहरी छाप छोड़ गए।

1952 से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले कर्पूरी ठाकुर ने कभी चुनाव नहीं हारा और दशकों तक विधानसभा में जनता की आवाज बने रहे। वे बिहार के पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री भी थे, जिन्होंने सत्ता के केंद्र में सामाजिक बदलाव की सोच को स्थापित किया। आज जब समस्तीपुर से ही विजय कुमार चौधरी उपमुख्यमंत्री बने हैं, तो यह स्वाभाविक रूप से कर्पूरी ठाकुर की यादों को ताजा करता है। हालांकि दोनों नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि और कार्यशैली अलग-अलग रही है, लेकिन दोनों की जड़ें इसी सामाजिक और राजनीतिक धरातल से जुड़ी हैं।

विजय कुमार चौधरी का राजनीतिक सफर भी दिलचस्प रहा है। उन्होंने 1980 के दशक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नौकरी छोड़कर कांग्रेस के साथ राजनीति में कदम रखा। कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता भी रहे। बदलते राजनीतिक परिदृश्य में उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) का दामन थामा और पिछले दो दशकों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वसनीय सहयोगी बने हुए हैं। जदयू में उनकी भूमिका एक कुशल रणनीतिकार और संतुलनकारी नेता की रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जहां कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय की राजनीति को जनांदोलन का रूप दिया, वहीं विजय कुमार चौधरी वर्तमान दौर की गठबंधन राजनीति में संतुलन और स्थिरता के प्रतीक बनकर उभरे हैं। समस्तीपुर की यह राजनीतिक परंपरा दर्शाती है कि यह जिला सिर्फ नेताओं को जन्म नहीं देता, बल्कि समय-समय पर बिहार की राजनीति को दिशा देने का काम भी करता है। कर्पूरी ठाकुर से लेकर विजय चौधरी तक की यह यात्रा सामाजिक चेतना, राजनीतिक परिपक्वता और बदलते समय के साथ तालमेल की कहानी भी बयां करती है।

Avinash Roy

Recent Posts

गंगापुर में सड़क हादसे में युवक की मौ’त, साथी गंभीर घायल; चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

समस्तीपुर/मुसरीघरारी : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में…

3 घंटे ago

हसनपुर में बॉलेरो से 371 लीटर विदेशी शराब बरामद, कारोबारी व चालक गिरफ्तार

समस्तीपुर/हसनपुर : हसनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए…

3 घंटे ago

‘द उम्मीद कप 2026’ का आगाज, पहले क्वार्टर फाइनल में बेगूसराय ने खगड़िया को हराया

समस्तीपुर : सामाजिक संस्था द उम्मीद की ओर से आयोजित 'द उम्मीद कप 2026' बिहार…

10 घंटे ago

जाली टिकट के साथ यात्रा कर रहे चार यात्री पकड़े गए, दो पर समस्तीपुर GRP थाना में प्राथमिकी दर्ज

समस्तीपुर : जाली रेलवे टिकट के साथ यात्रा करने के मामले में रेल थाना (GRP)…

15 घंटे ago

फर्जी शिक्षक नियुक्ति मामले में प्रधानाध्यापिका व कथित शिक्षक पर FIR, वेतन भुगतान की साजिश का आरोप

समस्तीपुर/सरायरंजन : समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड के नौआचक पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय, नौआचक वार्ड…

16 घंटे ago

विश्वविद्यालय परिसर में हुए चर्चित एसिड ब्लास्ट कांड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

समस्तीपुर/पूसा : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा परिसर में हुए चर्चित एसिड ब्लास्ट…

16 घंटे ago